मध्य प्रदेश

पीएचक्यू में धुएं और आग की लपटों के बीच बचाव का अभ्यास

आग लगने की हर घटना एक जैसी नहीं होती और इसे बुझाने का तरीका भी अलग-अलग होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए पुलिस मुख्यालय में सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों के लिए अग्नि सुरक्षा जागरूकता प्रशिक्षण और मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसमें आग के पांच प्रकार और उन्हें सुरक्षित तरीके से बुझाने की तकनीक सिखाई गई।

मॉक ड्रिल के दौरान पुलिस फायर स्टेशन मंत्रालय की टीम ने तरल पदार्थों में लगी आग को अग्निशमन यंत्रों की मदद से कैसे नियंत्रित किया जाता है, इसका व्यावहारिक प्रदर्शन किया। प्रशिक्षण में सुरक्षाकर्मियों ने धुएं और लपटों के बीच खुद को सुरक्षित रखते हुए आग पर काबू पाने की तकनीकों का अभ्यास किया।

प्रशिक्षण में सुरक्षाकर्मियों को आग बुझाने में इस्तेमाल होने वाले आधुनिक उपकरणों की जानकारी भी दी गई। इनमें फायरमैन हेलमेट, फोम नोजल, अग्निशमन सिलेंडर, फायर ब्लैंकेट, हौज पाइप, लॉक कटर, कैमिकल सूट, ब्रीदिंग ऑपरेटर सेट और प्रॉक्सीमेटी सूट जैसे उपकरणों के उपयोग का प्रदर्शन किया गया।

अफसरों ने बताया कि आपात स्थिति में सही उपकरण व तकनीक का इस्तेमाल करने से आग को शुरुआती चरण में ही नियंत्रित किया जा सकता है।

आग की 5 कैटेगरी, बुझाने का तरीका भी अलग क्लास ए – लकड़ी, कागज, कपड़ा या कोयले में लगी आग। इसे आमतौर पर पानी या फोम से बुझाया जाता है। क्लास बी – पेट्रोल, डीजल, केरोसिन जैसे तरल पदार्थों की आग। इसमें फोम या ड्राई केमिकल पाउडर का इस्तेमाल किया जाता है। क्लास सी – गैस से लगी आग। इसमें ड्राई केमिकल पाउडर या विशेष गैस आधारित यंत्र उपयोगी होते हैं। क्लास डी – धातुओं में लगी आग। इसे बुझाने के लिए विशेष रसायन आधारित पाउडर इस्तेमाल किए जाते हैं। क्लास ई – बिजली से लगी आग। इसमें कार्बन डाईऑक्साइड या ड्राई केमिकल यंत्र इस्तेमाल किए जाते हैं, पानी का उपयोग नहीं।

आग लगे तो क्या करें

फौरन फायर ब्रिगेड, पुलिस और बिजली विभाग को सूचना दें। आग शुरुआती अवस्था में हो तो फायर एक्सटिंग्यूशर, पानी या रेत से बुझाने की कोशिश करें। भवन का मेन बिजली स्विच बंद करें। लिफ्ट का इस्तेमाल न करें, सीढ़ियों से बाहर निकलें। भगदड़ से बचें और लोगों को सुरक्षित रास्ते से बाहर निकालें।

इन नंबरों पर दें आग की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम: 0755-2555922 पुलिस फायर स्टेशन: 0755-2441008 एमपीईबी हेल्पलाइन: 0755-2678251 / 2678369

नगर निगम: 0755-2542222

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button