गोरखपुर में फॉर्च्यूनर से MBBS छात्र समेत 2 लोगों को रौंदने वाला आरोपी पुलिस कस्टडी में रंगबाजी से चलता नजर आया

गोरखपुर में फॉर्च्यूनर से MBBS छात्र समेत 2 लोगों को रौंदने वाला आरोपी पुलिस कस्टडी में रंगबाजी से चलता नजर आया। वीडियो में दिख रहा है कि दो पुलिसकर्मी उसे पकड़े हैं। वह जींस की दोनों जेबों में हाथ डालकर स्टाइल में चल रहा है।
आरोपी गोल्डेन साहनी की सोशल मीडिया पर कैबिनेट मंत्री संजय निषाद के साथ कई रील हैं। उसकी मंत्री के साथ एक तस्वीर भी सामने आई है, जिसमें उसने कैप्शन लिखा है- कैबिनेट मंत्री (फूफा)। वह खुद को भावी ब्लॉक प्रमुख पिपरौली भी बताता था।
दरअसल, होली यानी बुधवार की रात फॉर्च्यूनर चला रहे गोल्डेन साहनी ने ओवरब्रिज पर MBBS छात्र आकाश पांडेय और उमेश शर्मा (50) को टक्कर मार दी थी। आकाश पांडेय की मौके पर मौत हो गई। जबकि उमेश शर्मा ने गुरुवार देर रात एम्स में दम तोड़ दिया।
हादसे के एक घंटे बाद पुलिस ने आरोपी को ट्रेस करके पकड़ लिया और थाने ले गई। उस समय उसने ब्लैक शर्ट और जींस पहनी हुई थी। अगले दिन यानी गुरुवार को जब पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश किया, तो वह सफेद शर्ट में नजर आया। यानी, हिरासत में उसने कपड़े भी चेंज किए।

आरोपी का लड़की को भी धमकाने का VIDEO सामने आया आरोपी गोल्डेन साहनी का एक और वीडियो सामने आया है। इसमें एक लड़की छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए गोल्डेन साहनी को गालियां दे रही है। इस पर गोल्डेन साहनी भी गालियां देते हुए धमकी दे रहा है। इस दौरान लड़की सैंडल से मारने की बात भी कह रही है।
जानिए पूरा मामला होली के दिन बुधवार रात करीब 10 बजे गोरखपुर में मोहद्दीपुर-कौवाबाग ओवरब्रिज पर हादसा हुआ था। फॉर्च्यूनर ने तीन-चार गाड़ियों को टक्कर मार दी। दूसरी गाड़ियों को हल्की टक्कर लगी, जबकि आकाश और उमेश शर्मा की स्कूटी में जोरदार टक्कर हुई। टक्कर लगते ही आकाश हवा में उछलकर करीब 15 मीटर दूर ओवरब्रिज की रेलिंग से टकराकर औंधे मुंह लटक गए। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, उमेश शर्मा घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे और ओवरब्रिज पर भीड़ लग गई। लोग वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने छात्र को रेलिंग से नहीं उतारा। राहगीरों की सूचना पर करीब 30 मिनट बाद पुलिस पहुंची और आकाश को रेलिंग से उतारा।
इसके बाद पुलिस उमेश और आकाश को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। यहां डॉक्टरों ने आकाश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उमेश कोमा में चले गए थे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें गोरखपुर एम्स रेफर कर दिया, जहां गुरुवार देर रात इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
हादसे में जान गंवाने वालों के बारे में पढ़िए
MBBS छात्र घर का इकलौता बेटा था आकाश पांडेय संतकबीरनगर के धर्मसिंघवा थाना क्षेत्र के बरगदवां का रहने वाला था। उनके पिता देवेंद्र नाथ पांडेय की टेंट की दुकान है, जबकि मां लीलावती देवी गृहिणी हैं। आकाश इकलौते बेटे थे। वह गोरखपुर में बीआरडी मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस थर्ड ईयर की पढ़ाई कर रहे थे।
होली के दिन आकाश शाम को दोस्त अनूप के घर गए थे। वहां खाना खाने के बाद रात करीब 10 बजे हॉस्टल लौट रहे थे। इसी दौरान मोहद्दीपुर-कौवाबाग ओवरब्रिज पर हादसा हो गया। सूचना मिलते ही दोस्त अनूप अस्पताल पहुंचा और फूट-फूटकर रोने लगा। उसने डॉक्टरों से कहा-साहब, मेरे दोस्त को बचा लीजिए।



