राजस्थान में मौसम में फिर से बदलाव शुरू कम होने लगी सर्दी:अगले एक सप्ताह साफ रहेगा मौसम, पारा 3 डिग्री तक बढ़ेगा

राजस्थान में मौसम में फिर से बदलाव शुरू हो गया है। सुबह-शाम की सर्दी कम हो गई। शनिवार को 10 से ज्यादा शहरों का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस या उससे ऊपर दर्ज हुआ। मौसम केन्द्र जयपुर ने राज्य में अगले एक सप्ताह मौसम ड्राय रहने और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने का पूर्वानुमान जारी किया है।
पिछले 24 घंटे का मौसम देखें तो राज्य के सभी इलाकों में आसमान साफ रहा और शनिवार सुबह से देर शाम तक धूप रही। सबसे अधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
चित्तौड़गढ़ में अधिकतम तापमान 31.2, फलोदी में 31.8, बीकानेर में 31.2, जैसलमेर में 31.5, पाली के जवाई बांध के पास 31.4, डूंगरपुर, फतेहपुर (सीकर) में 30-30, लूणकरणसर (बीकानेर) में 30.9, चूरू में 30.4, भीलवाड़ा में 29.4, टोंक में 29.6, श्रीगंगानगर में 29.4, नागौर में 29.8, झुंझुनूं में 29.1, उदयपुर में 29.2 और जयपुर 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जयपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर समेत तमाम जिलों में शनिवार दिन में अच्छी धूप रही, जिससे यहां दिन सुहावना रहा, जबकि सुबह-शाम हल्की सर्दी रही।
फतेहपुर में पारा 10 डिग्री से नीचे सीकर के पास फतेहपुर में शनिवार को न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सबसे ठंडा इलाका रहा। पाली में न्यूनतम तापमान 10.6, दौसा में 11.6, सिरोही में 11.4, सीकर में 11.5 और अलवर में 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। सबसे कम सर्द रात बाड़मेर में रही, जहां न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।



