राजस्थान में LDC और स्टेनोग्राफर के 10,336 पद खाली:सरकार ने विधानसभा में वर्गवार दिया विवरण; जानिए कब होगी भर्ती परीक्षा

विधानसभा में सपोटरा विधायक हंसराज मीणा की ओर से पूछे गए सवाल के जवाब में प्रशासनिक सुधार और समन्वय विभाग ने रिक्त पदों की संख्या और उनका वर्गवार विवरण सदन में रखा।
राज्य में कनिष्ठ लिपिक (LDC) और आशुलिपिक (स्टेनोग्राफर) के कुल 10 हजार 336 पद फिलहाल खाली हैं।
भर्ती परीक्षा का आयोजन 5 और 6 जुलाई को किया जा सकता है। लंबे समय से इस भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए यह एक बड़ा मौका माना जा रहा है।
सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक-
– शासन सचिवालय में आशुलिपिक के 194 पद और लिपिक ग्रेड द्वितीय के 15 पद रिक्त हैं।
– प्रदेश के विभिन्न अधीनस्थ विभागों में आशुलिपिक के 321 पद और कनिष्ठ लिपिक के 9 हजार 806 पद खाली पड़े हुए हैं।
– इस तरह कुल मिलाकर LDC और स्टेनोग्राफर के 10,336 पदों पर भर्ती होनी है।
वर्गवार रिक्त पदों की स्थिति
1- प्रदेश के अलग-अलग अधीनस्थ विभागों में गैर अनुसूचित और अनुसूचित क्षेत्र को मिलाकर सामान्य वर्ग के 3 हजार 995 पद
2- अनुसूचित जाति के लिए 1 हजार 409 पद, अनुसूचित जनजाति के लिए 1 हजार 663 पद
3- अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 1 हजार 378 पद और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए 917 पद
4- अति पिछड़ा वर्ग (एमबीसी) के लिए 400 पद और बारां जिले की सहरिया जनजाति के लिए 44 पद आरक्षित किए गए हैं।
जुलाई में हो सकती है भर्ती परीक्षा
राज्य सरकार इन रिक्त पदों को भरने के लिए राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया चला रही है। बोर्ड ने कुल 10 हजार 644 पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है, अभ्यर्थी 13 फरवरी तक आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती परीक्षा का आयोजन 5 और 6 जुलाई को किया जा सकता है। हालांकि परीक्षा की अंतिम ताारीख को लेकर आधिकारिक सूचना का इंतजार किया जा रहा है।



