4 फरवरी से अजमेर रोड पर बदलेगा ट्रैफिक रूट:भारी वाहनों का प्रवेश बंद,मानसून से पहले अजमेर रोड पर जलभराव से मिलेगी राहत

जयपुर के अजमेर रोड पर हर बारिश में होने वाले जलभराव की समस्या को दूर करने की जयपुर विकास प्राधिकरण ने तैयारी शुरू कर दी है। इस बार मानसून से पहले जेडीए द्वारा कमला नेहरू नगर से भांकरोटा के बीच मुख्य अजमेर रोड पर बरसाती नाले का निर्माण कार्य से शुरू किया जाएगा।
यह नाला भांकरोटा पुलिया के नीचे से शुरू होकर हीरापुरा पावर हाउस तक करीब 2800 मीटर लंबाई में बनाया जाएगा।
जेडीए की 4 फरवरी से शुरू होने वाले इस निर्माण कार्य मुख्य अजमेर रोड की सर्विस रोड पर किया जाएगा। ऐसे में सुरक्षा कारणों से निर्माण कार्य के दौरान सर्विस रोड के कुछ हिस्सों में यातायात अस्थायी रूप से रोका जाएगा। हालांकि मुख्य अजमेर रोड पर यातायात पूर्व की तरह सुचारु रूप से चलता रहेगा।
भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा
निर्माण कार्य के दौरान भांकरोटा से कमला नेहरू नगर की ओर जाने वाली सर्विस रोड पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा, जबकि जयसिंहपुरा की दिशा में हल्के और भारी वाहन सामान्य रूप से संचालित होते रहेंगे।
जेडीए के अधिकारियों ने बताया कि भांकरोटा से आगे कमला नेहरू नगर की तरफ जिस हिस्से में काम किया जाएगा, वहां से पहले का ट्रैफिक पहले की तरह चलता रहेगा। साथ ही भांकरोटा पुलिया के नीचे स्थित सभी निकास एक साथ बंद नहीं किए जाएंगे, ताकि वाहन सर्विस रोड से होकर दक्षिण दिशा की दूसरी सर्विस रोड के माध्यम से कमला नेहरू नगर की ओर जा सकें।
जेडीए द्वारा यह निर्माण कार्य मई 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। तब तक यातायात व्यवस्था अस्थायी रूप से इसी तरह संचालित रहेगी। जयपुर विकास प्राधिकरण ने वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों से निर्माण कार्य के दौरान धैर्य और यातायात व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।



