जयपुर में ओवर-स्पीड कार ने 2 युवको को रौंदा, मौत:मिठाई की शॉप से पैदल घर जा रहे थे; सामने आ रही गाड़ी को भी टक्कर मारी

जयपुर में ओवर-स्पीड कार ने शनिवार रात 10.15 बजे लोहा मंडी के पास 2 युवकों को रौंद दिया। हादसे में पैदल घर लौट रहे दोनों युवकों की मौत हो गई।
टक्कर मारने के बाद भागने की कोशिश में कार सवार सामने से आ रही गाड़ी से टकरा गया।
हरमाड़ा थाना पुलिस ने कांवटिया हॉस्पिटल में मृतकों का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।
रविवार दोपहर करीब 2 बजे घटनास्थल पर स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने कार ड्राइवर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को शांत किया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस ने कार को जब्त कर ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है।

मिठाई की शॉप बंद करके जा रहे थे घर
ASI हरि सिंह ने बताया- हादसे में विरदी चंद्र शर्मा (40) निवासी बीलपुरा कलवाड़ा और राहुल मीणा (19) निवासी माचड़ा हरमाड़ा की डेथ हो गई। लोहामंडी में बालाजी धर्मकांटे के पास विरदी चंद्र की मिठाई की शॉप है, जबकि राहुल मीणा कॉम्पिटिशन एग्जाम की तैयारी कर रहा था।
घटनाक्रम के मुताबिक, रात करीब 10:15 बजे विरदी चंद्र ने शॉप क्लोज की थी। विरदी चंद्र और राहुल मीणा दोनों ही सर्विस लेन पर पैदल घर जा रहे थे। इसी दौरान नींदड़ मोड़ से लोहा मंडी की ओर आ रही ओवर स्पीड स्विफ्ट कार ने दोनों को टक्कर मारकर रौंद डाला।

ब्रेजा गाड़ी में स्विफ्ट कार जा घुसी
हरिसिंह ने आगे बताया- कार भागने के दौरान सामने से आ रही ब्रेजा गाड़ी में स्विफ्ट कार जा घुसी। हादसे के बाद ड्राइवर मौके पर क्षतिग्रस्त कार को छोड़कर भाग निकला। एक्सीडेंट की सूचना पर पहुंची हरमाड़ा थाना पुलिस ने लहूलुहान हालत में पड़े दोनों घायलों को प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट करवाया। इलाज के दौरान डॉक्टर्स ने दोनों को डेड घोषित कर दिया।
पुलिस ने कांवटिया हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रविवार दोपहर दोनों शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त मिली दोनों कारों को जब्त किया है। पुलिस एक्सीडेंट कर भागने वाले स्विफ्ट कार के ड्राइवर की तलाश कर रही है।
लोगों ने किया विरोध-प्रदर्शन
लोहा मंडी में घटनास्थल पर स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने कार ड्राइवर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। बीच रोड पर लकड़ी-टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन की सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाइश कर मामले को शांत करवाया।



