जयपुर में बदमाशों ने की कार में तोड़फोड़, मचाया आतंक,चार गाड़ियों में सवार होकर आए थे, घर पर भी किया पथराव; परिवार लगाता रहा गुहार

जयपुर की पॉश कॉलोनी में गुरुवार रात को उस वक्त दहशत फैल गई, जब चार गाड़ियों में आए बदमाशों ने जमकर तांडव मचाया। जिसका वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में बदमाश गाली-गलौच कर कार में तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं। साथ ही घर पर पथराव भी किया। हालांकि, घर में घुसकर जान से मारने की धमकी देने के दौरान परिवार बदमाशों को वहां से जाने की गुहार भी लगाता रहा।
जवाहर सर्किल थाने में पीड़ित ने हिस्ट्रीशीटर मनीष सैनी सहित 15-20 बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
पहले देखिए, घटना से जुड़ी ये PHOTOS



अब सिलसिलेवार पढ़िए पूरा घटनाक्रम…
पुलिस के मुताबिक, मालवीय नगर के सेक्टर-10 निवासी किशन मीणा (32) ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने शिकायत में बताया कि वह परिवार के साथ मालवीय नगर रहता है। गुरुवार रात करीब 9 बजे वह गोपालपुरा से घर आ रहा था। इसी दौरान हिस्ट्रीशीटर मनीष सैनी अपने 15-20 साथियों के साथ उसके पीछे लग गया।
इस दौरान उसे मारने के लिए कार को ओवर टेक कर रोकने की कोशिश भी की। लेकिन वह बदमाशों से बचने के लिए कार दौड़ाकर जैसे-तैसे अपने घर पहुंचा।
कार में तोड़फोड़ कर घर पर फेंके पत्थर आनन-फानन में घर के बाहर कार खड़ी की और जान बचाने के लिए वह घर के अंदर घुस गया। पीछा करते हुए चार गाड़ियों में हिस्ट्रीशीटर मनीष सैनी, अक्षय सैनी, हनी टाइगर, रोहित वर्मा समेत अन्य करीब 15 लोग वहां पहुंच गए। कॉलोनी में बीच रोड पर गाड़ी खड़ी कर डंडे-सरियों के साथ बदमाश हंगामा करने लगे। बदमाशों ने गाली-गलौच कर सबसे पहले डंडे-सरियों से घर के बाहर खड़ी कार में जमकर तोड़फोड़ की। उसके बाद घर पर डंडे फेंकने के साथ पथराव भी किया।
बचाने के लिए गुहार लगाता रहा परिवार दर्जनभर से अधिक बदमाशों के हमला करने से परिवार सहित कॉलोनी में दहशत फैल गई। गाली-गलौच करते हुए बदमाश किशन के घर के अंदर जा घुसे। बचने के लिए परिवार घर की छत पर पहुंच गया। उसके बाद भी मारने के लिए बदमाश नीचे से पत्थर फेंकते रहे।
इस दौरान छत पर मौजूद महिलाएं चिल्लाती रही फैमिली है, यहां से चले जाओ। लेकिन, बदमाशों का आतंक उसके बाद भी खत्म नहीं हुआ। जब कॉलोनी के लोग साहस कर इकट्ठा होने लगे तो हमलावर अपनी-अपनी गाड़ियों में बैठकर वहां से भाग गए।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद पीड़ित परिवार की ओर से जवाहर सर्किल थाने में हिस्ट्रीशीटर सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी वीडियो के मुताबिक आरोपियों की पहचान कर तलाश में जुट गई है।



