झारखंड

कोडरमा में महिला की संदिग्ध स्थिति में मौत:विवाद के बाद बिगड़ी हालत, सौतेली बहू पर जहर देने का आरोप, अस्पताल में मौत

कोडरमा जिले के चंदवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत करोंजिया गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 37 वर्षीय स्वीटी देवी के रूप में हुई है, जो बद्री यादव की पत्नी थीं। शनिवार की रात स्वीटी देवी घर पर अपनी सौतेली बहू के साथ मौजूद थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।

विवाद के कुछ समय बाद स्वीटी देवी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार, महिला ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था। हालत गंभीर होने पर स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए झुमरीतिलैया स्थित एक निजी क्लिनिक ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

मां ने थाने में दिया आवेदन, सौतेली बहू पर गंभीर आरोप

मृतका की मां ने चंदवारा थाना में लिखित आवेदन देकर अपनी बेटी की हत्या का आरोप उसकी सौतेली बहू पर लगाया है। आवेदन में कहा गया है कि सौतेली बहू ने खाने में जहर मिलाकर स्वीटी देवी की हत्या कर दी। ग्रामीणों ने बताया कि बद्री यादव की पहली पत्नी की करीब दस साल पहले सर्पदंश से मौत हो गई थी। पहली पत्नी से उन्हें तीन बेटियां और एक बेटा है।

पहली पत्नी की मृत्यु के बाद बद्री यादव ने लगभग नौ साल पहले पिपराही गांव निवासी स्वीटी देवी से दूसरी शादी की थी। बताया गया कि स्वीटी देवी की भी यह दूसरी शादी थी। बद्री यादव से उनकी कोई संतान नहीं थी। घटना के दिन बद्री यादव काम के सिलसिले में बाहर शहर में थे। जबकि उनका बेटा बरही गया हुआ था।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

चंदवारा थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार ने बताया कि शनिवार देर शाम सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल कोडरमा भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि मृतका की मां द्वारा दिए गए आवेदन के आलोक में मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए पारिवारिक विवाद, घरेलू स्थिति और आरोपों की जांच कर रही है। घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button