मध्य प्रदेश

भैरव मंदिर का ओटला तोड़ने पर भड़के पार्षद और हिंदू संगठन, सड़क पर किया चक्काजाम

शहर में साक्षी पेट्रोल पंप के समीप स्थित भैरव जी के मंदिर और नगर निगम की बाउंड्रीवॉल तोड़े जाने के विरोध में सोमवार सुबह जमकर हंगामा हो गया। नगर निगम कमिश्नर के मौके पर नहीं पहुंचने से नाराज भाजपा पार्षदों और हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने सिटी फोरलेन पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम कमिश्नर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कुछ पार्षद पेट्रोल लेकर सड़क पर बैठ गए और आत्मदाह की चेतावनी दी। फिलहाल प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और समझाइश का प्रयास कर रहे हैं।

 

अज्ञात लोगों ने एक बगीचे की बाउंड्रीवॉल तोड़ी

जानकारी के अनुसार मामला वार्ड नंबर 8 का है। यहां रविवार रात अज्ञात लोगों ने एक बगीचे की बाउंड्रीवॉल तोड़ दी। इसके साथ ही बाउंड्रीवॉल के पास स्थित भैरव जी का ओटला भी तोड़ दिया गया और वहां स्थापित प्रतिमा को अज्ञात लोग अपने साथ ले गए।

सोमवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्रीय पार्षद पप्पू पुरोहित, वार्ड नंबर 6 के पार्षद शक्ति सिंह सहित विश्व हिंदू परिषद, हिंदू जागरण मंच और बजरंग दल के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। आक्रोशित लोगों ने मौके पर ही दोबारा मंदिर निर्माण का कार्य शुरू कर दिया और घटना में शामिल अज्ञात आरोपितों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।

कमिश्नर के नहीं पहुंचने पर चक्काजाम

घटना की सूचना पर प्रशासन और पुलिस के अधिकारी तो मौके पर पहुंच गए, लेकिन नगर निगम कमिश्नर अनिल भाना दोपहर 12 बजे तक घटनास्थल पर नहीं पहुंचे। इससे नाराज पार्षदों और हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों ने सड़क पर बैठकर चक्काजाम कर दिया। इस दौरान भाजपा पार्षदों ने निगम तेरी सेटिंगबाजी नहीं चलेगी जैसे नारे लगाए। पार्षद पप्पू पुरोहित ने निगम कमिश्नर व अधिकारियों पर मनमर्जी करने का आरोप लगाया है। पुरोहित ने कहा कि निगम कमिश्नर हमारी नहीं सुनते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button