बाराबंकी में पानी भरे गड्ढे में डूबने से बच्चे की मौत; तहसील परिसर में घर के बाहर खेल रहा था

बाराबंकी में तहसील परिसर में पानी भरे गड्ढे में डूबने से 12 साल के बच्चे की मौत हो गई। वह घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान फिसलकर गड्ढे में जा गिरा। परिजन उसको तलाश करते हुए गड्ढे के पास पहुंचे तो शव उतराता मिला।
इसके बाद उसे बाहर निकालकर अस्पताल ले गए। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा बच्चा सेप्टिक टैंक में गिर गया था। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। मामला सिरौली गौसपुर तहसील परिसर का है।

तहसील में कंप्यूटर ऑपरेटर विक्रम मौर्या के दो बेटे हैं। इनमें बड़ा बेटा अथर्व (12) कक्षा 4 में पढ़ता है। उसका एक डेढ़ साल का भाई भी है। परिवार तहसील परिसर में बने सरकारी आवास में रहता है। शनिवार दोपहर ढाई बजे अथर्व तहसील परिसर में खेल रहा था।

इसी दौरान वह फिसलकर परिसर में मौजूद पानी से भरे एक गड्ढे में जा गिरा। गड्ढे में डूबने के कारण उसकी मौत हो गई। परिजन अथर्व को सिरौली गौसपुर स्थित 100 शैय्यायुक्त संयुक्त यहां ले गए। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।इस दौरान तहसीलदार सिरौली गौसपुर बालेन्दु भूषण वर्मा, लेखपाल सुभेन्द्र अवस्थी, आशुतोष मिश्रा, अनूप कुमार समेत कई तहसील कर्मी एवं बदोसराय कोतवाली के कोतवाल अजीत कुमार विद्यार्थी भी अस्पताल पहुंचे। बदोसराय कोतवाली के कोतवाल अजीत कुमार विद्यार्थी ने बताया कि मामले में विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।