झारखंड

क्रिसमस पर हुई घटना पर स्वास्थ्य मंत्री ने दी प्रतिक्रिया:कहा-यदि क्रिश्चियन और इंग्लिश मीडियम स्कूल नहीं होते, तो आज हम यहां नहीं होते

झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शुक्रवार को जामताड़ा के नारायणपुर प्रखंड की नवाडीह पंचायत के फतेहपुर में लगभग 55 लाख रुपए की लागत से बनने वाले एक चेकडैम का शिलान्यास किया।

मंत्री ने कहा कि यह पहल किसानों की सुविधा के लिए की गई है और इससे क्षेत्र के किसानों को लाभ मिलेगा।

रायपुर में क्रिसमस पर हुई घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया

इसी कार्यक्रम के दौरान मंत्री इरफान अंसारी ने छत्तीसगढ़ के रायपुर में क्रिसमस पर हुई घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।

चेकडैम शिलान्यास के दौरान जुटी लोगों की भीड़।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा- पूरे हिंदुस्तान को नीचा दिखाने का प्रयास

मंत्री ने आरोप लगाया कि बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा क्रिसमस पर बर्बरतापूर्वक हमला किया गया, जो पूरे हिंदुस्तान को नीचा दिखाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि हमारा देश सभी धर्मों का मिश्रण है और जो इसे कलंकित करने का प्रयास करेगा, उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि यदि क्रिश्चियन और इंग्लिश मीडियम स्कूल नहीं होते, तो आज हम यहां नहीं होते। उन्होंने भाजपा से पूछा कि उनके बच्चे लंदन या संत जोसेफ, संत जेवियर जैसे इंग्लिश मीडियम स्कूलों में पढ़ते हैं, जबकि वे क्रिश्चियन समाज को नीचा दिखा रहे हैं। मंत्री ने इसे दोहरी नीति बताया।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने लगभग 55 लाख रुपए की लागत से बनने वाले चेकडैम का शिलान्यास किया।

‘भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं के बच्चों का नाम क्रिश्चियन स्कूल काट दें’

मंत्री ने सभी क्रिश्चियन स्कूलों और निदेशकों से अपील की कि वे भारतीय जनता पार्टी के नेताओं-कार्यकर्ताओं के बच्चों का नाम स्कूल से काट दें। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार ऐसे स्कूलों को संरक्षण और सम्मान देगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी धर्मों का सम्मान करना ही हिंदुस्तान की पहचान है।

इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य शाह कांग्रेस अध्यक्ष दीपिका बेसरा, बीरबल अंसारी, अजहरुद्दीन अंसारी, माफीज अंसारी, सफाउल अंसारी और अभय पांडे सहित अन्य लोग मौजूद थे।

क्या हुआ था रायपुर में

25 दिसंबर को छत्तीसगढ़ बंद के दौरान रायपुर के मैग्नेटो मॉल में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ हुई। आरोप है कि बजरंग दल के 30-40 कार्यकर्ता लाठी-डंडे लेकर मॉल के अंदर घुसे और लोगों से धर्म और जाति पूछते हुए सामान तोड़ना शुरू कर दिया। इस घटना से मॉल में मौजूद स्टाफ और कर्मचारी दहशत में आ गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button