अयोध्याआगराउत्तर प्रदेश

यूपी में भीषण कोहरा, मेरठ सबसे ठंडा, पारा 4.6°C:100 ट्रेनें लेट, 10 फ्लाइट कैंसिल; नए साल में और पड़ेगी सर्दी

यूपी में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का कहर जारी है। प्रयागराज, अयोध्या समेत 50 से ज्यादा जिले घने कोहरे की चपेट में हैं। सुबह-सुबह कई जिलों में विजिबिलिटी शून्य से 10 मीटर के बीच रही। लखनऊ में बारिश जैसा कोहरा पड़ा। जरूरी काम से घर से बाहर निकले लोगों के कपड़े भीग गए।

कोहरे की वजह से सड़क से लेकर रेलवे और हवाई सफर तक प्रभावित हुआ। लखनऊ, प्रयागराज समेत तमाम रेलवे स्टेशनों पर 100 से ज्यादा ट्रेनें 2 से 10 घंटे की देरी चल रही हैं। वहीं, अयोध्या-काशी समेत कई एयरपोर्ट पर 10 से ज्यादा उड़ानें कैंसिल करनी पड़ीं।

उन्नाव, हरदोई और सीतापुर में अलग-अलग सड़क हादसों में 20 लोग घायल हो गए। इनमें 7 की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं, आगरा-दिल्ली रेलवे ट्रैक पर राजा मंडी स्टेशन के पास ठंड की वजह से ट्रैक में क्रेक आ गया। इससे ट्रेनें रुक गईं।

आज कहां हादसे हुए, पॉइंटवार पढ़िए—

  • उन्नाव: उन्नाव के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में सुबह 8.15 बजे घने कोहरे के कारण एक रोडवेज बस की सामने से आ रहे कंटेनर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे बस में सवार 9 यात्री बुरी तरह घायल हो गए। लखनऊ–बांगरमऊ रोड पर काफी देर तक लंबा ट्रैफिक जाम लगा रहा।
  • हरदोई: हरदोई में कटरा हाईवे पर रोडवेज बस और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में बस चालक और परिचालक सहित 8 यात्री घायल हो गए। 5 की हालत गंभीर है। उन्हें मेडिकल कॉलेज हरदोई रेफर किया गया है। पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया है, जबकि चालक-परिचालक फरार हैं।
  • सीतापुर: सीतापुर में तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कार को टक्कर मार दी। कार सवार दो सगे भाई अर्पित और हर्षित गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों युवक मां को कचनार गांव छोड़कर ड्यूटी पर लौट रहे थे। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। मामला थाना इमलिया सुल्तानपुर क्षेत्र के शेरपुर गांव का पास है।

बुधवार की बात करें तो प्रदेश में मेरठ सबसे ठंडा रहा। यहां का तापमान 4.6 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा इटावा में पारा 4.8°C, बाराबंकी में 6.2°C, कानपुर नगर में 6.4°C और हरदोई में 7°C रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, मौसम विभाग का अनुमान है कि क्रिसमस के साथ नए साल पर भी मौसम बिगड़ा रहेगा। भीषण कोहरा पड़ेगा, सर्द हवाएं चलेंगी और बादल भी छाए रहेंगे।

आगरा में शीतलहर और कोहरे का प्रकोप जारी है। ताज महल भी कोहरे से ढका हुआ है। मौसम विभाग ने बताया कि आज शहर का न्यूनतम तापमान 11.0°C रहने का अनुमान है।

96 घंटे में ठंड से 4 लोगों की मौत इससे पहले क्रिसमस की सुबह अधिकांश सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा। कोहरे की वजह से सड़कों पर कुछ भी देखना मुश्किल हो गया। सर्द हवाओं से पहाड़ों जैसा महसूस हुआ। 96 घंटे में ठंड से 4 लोगों की मौत हो चुकी है।

वहीं, कानपुर चिड़ियाघर में शेर, बाघ और तेंदुए को ठंड से बचाने के लिए हीटर, ब्लोअर और बल्ब लगाए गए हैं। खाने में मांस बढ़ाया गया है। भालू को दोगुना शहद पिलाया जा रहा है। उसे शकरकंद और अंडा खिलाया जा रहा है। गाजीपुर में बकरियों को स्वेटर पहनाया गया है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button