झारखंड

बिहार से बंगाल ले जा रहे 35 मवेशी जब्त:गिरिडीह के बगोदर में पकड़ाया कंटेनर,ठूंसे हुए सभी जानवार, रस्सियों से बांध दिया था मुंह

गिरिडीह जिले के बगोदर में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर रविवार सुबह मवेशी तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। बगोदर जीटी रोड स्थित बेको मोड़ के पास ग्रामीणों ने संदिग्ध हालत में जा रहे एक कंटेनर को रोककर उसकी जांच की।

भीतर का नजारा देख सभी सन्न रह गए। कंटेनर में करीब 35 मवेशियों को ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। मवेशियों की हालत दयनीय थी, कई के शरीर आपस में सटकर दबे हुए थे। सांस लेने तक की जगह नहीं थी।

इसी कंटेनर में भर कर ले जाए जा रहे थे मवेशी

यह देख मौके पर मौजूद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए कंटेनर को अपने कब्जे में ले लिया और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। इस दौरान पूरी घटना का वीडियो भी ग्रामीणों ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया।

पुलिस ने मवेशियों को भेजा गौशाला

सूचना मिलने के बाद बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कंटेनर समेत सभी मवेशियों को अपने कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जांच में पाया गया कि मवेशियों को बेहद क्रूरता के साथ ले जाया जा रहा था, जो कानून का सीधा उल्लंघन है।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी मवेशियों को सुरक्षित हजारीबाग स्थित गौशाला भेजने की व्यवस्था की। वहीं, कंटेनर चालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसके बारे में जानकारी जुटा रही है। वाहन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

कंटेनर में जानवरों को ठूंस कर भरा गया था।

बिहार से बंगाल ले जाए जा रहे थे मवेशी

थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने मवेशी तस्करी की पुष्टि करते हुए बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मवेशियों को बिहार से पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था। उन्होंने कहा कि मवेशियों के साथ की गई क्रूरता को गंभीरता से लिया गया है।

संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद इलाके में मवेशी तस्करों के खिलाफ लोगों में गहरा रोष है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस तरह की तस्करी पर पूरी तरह अंकुश लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button