गर्लफ्रेंड ने बात नहीं मानी तो मार दी गोली:लखनऊ में आधी रात को घर में घुसा, बोला- डांस करने क्यों जाती हो

लखनऊ में सिरफिरे प्रेमी ने युवती को गोली मार दी। वह आधी रात युवती के घर में घुस गया। उसके साथ मारपीट की। घर में रखे सामान तोड़ने लगा। इसके बाद युवती को 2 गोली मारी। पहली गोली युवती के कंधे और जबकि दूसरी हाथ में लगी। युवती को कमरे में बंद करके वह स्कॉर्पियो से फरार हो गया।
गोली चलने की आवाज और चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी सरोजनी नगर के गौरी बाजार निवासी आकाश कश्यप के खिलाफ FIR दर्ज की।
प्रारंभिक जांच में आया कि आकाश युवती को ऑर्केस्ट्रा में डांस करने से रोकता था। युवती ने उसकी बात नहीं मानी तो उसने गोली मार दी। घटना गुरुवार रात करीब 2 बजे पारा थाना क्षेत्र की है। यहां 21 साल की युवती बड़ी बहन और भांजे-भांजी के साथ रहती है।
युवती की बहन ने बताया- करीब 1 साल से आरोपी आकाश कश्यप से छोटी बहन का प्रेम-प्रसंग था। वह क्रिमनल प्रवृत्ति और नशे का आदी है। इस वजह से छोटी बहन उससे पीछा छुड़ाना चाहती थी। लेकिन वह लगातार उसे परेशान कर रहा था। आज तो घर में घुसकर गोली मार दी।

यह तस्वीर आरोपी आकाश कश्यप की है। युवती को पता चला कि वह आपराधिक प्रवृत्ति का है तो उसने दूरी बना ली।
अब पूरी घटना विस्तार से…
घर में घुसते ही युवती को पीटने लगा
21 साल की युवती पारा इलाके में बड़ी बहन, 7 साल की भांजी और 3 साल के भांजे के साथ किराए के मकान में रहती है। बड़ी बहन ने बताया कि बीते 1 साल से आरोपी आकाश कश्यप के साथ मेरी बहन का प्रेम-प्रसंग चल रहा था।
गुरुवार रात के करीब 2 बज रहे थे तभी आकाश शराब के नशे में घर आया। मैंने दरवाजा खोला तो मुझे धक्का देकर सीधे छोटी बहन के कमरे में घुस गया। विरोध करने कर गाली-गलौज और मारपीट करने लगा। घर का सामान तोड़ दिया। हम लोग डर के मारे पड़ोसियों को बुलाने लगे। तभी आकाश ने तमंचा निकालकर बहन को गोली मार दी।

गोली मारने के बाद कुंडी लगाकर फरार हुआ
छोटी बहन को गोली मारने के बाद आकाश मेरी 7 साल की बेटी की ओर बढ़ा। उसने बेटी को भी गोली मारने की कोशिश की। लेकिन वो डरकर भाग गई। आकाश ने बहन को कमरे में बंद कर दिया। दरवाजे पर बाहर से कुंडी लगा दी।
घर के बाहर खड़ी अपनी स्कॉर्पियो से भाग गया। गोली की आवाज और हम लोगों की चीख सुनकर आसपास के लोग दौड़ते हुए आ गए। पड़ोसियों की मदद से छोटी बहन को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल से ही पुलिस को घटना की सूचना दी।

युवती के हाथ में भी एक गोली लगी है।
इवेंट में दोस्ती हुई, क्रिमिनल जानकर बनाई दूरी
बड़ी बहन ने बताया- दोनों बहनें ऑर्केस्ट्रा में काम करती हूं। 1 साल पहले एक इवेंट में छोटी बहन और आकाश की मुलाकात हुई थी। जहां दोनों ने मोबाइल नंबर एक्सचेंज किया था। दोनों में पहले फोन पर बातें होने लगीं, फिर मुलाकातें हुईं। इसके बाद दोनों में प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया।
बड़ी बहन ने बताया कि छोटी बहन को आकाश के बारे में पता चला कि वह नशा करता है आपराधिक प्रवृत्ति का है। इसके बाद से उसने आकाश से बात करनी बंद कर दी। उसका फोन भी नहीं उठा रही थी।आकाश अलग-अलग नंबरों से फोन करके परेशान करने लगा। बहन उससे पीछा छुड़ाना चाहती थी, लेकिन वह आए दिन शराब के नशे में उसका पीछा करता था।
‘4-5 साथियों के साथ पहुंचा, CCTV कैमरा तोड़ा’
आकाश 4-5 लोगों के साथ गुरुवार की रात हमारे घर पहुंचा। घर के बाहर लगा CCTV कैमरा तोड़ दिया। इसके बाद अकेले घर में घुस गया। छोटी बहन को गोली मारने के बाद वह भाग गया। इसके बाद हम लोगों की लोकेशन पता करके लोकबंधु अस्पताल भी आया। अस्पताल में भी जमकर हंगामा किया।
प्रेमी ने प्राइवेट पार्ट में डाल दिया था रिमोट
वहीं, पीड़िता ने पुलिस को बताया- आकाश आए दिन मारपीट करता था। उसको मेरा इवेंट में काम करना पसंद नहीं था। उसके कहने पर मैंने इवेंट में काम करना भी बंद कर दिया था। लेकिन घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के चलते मैं फिर से इवेंट की जॉब करने लगी थी।
मैं जब भी उसकी डिमांड नहीं पूरी कर पाती थी तो वह मुझे बहुत मारता था। सिगरेट से भी जला देता था। एक बार तो उसने मेरे प्राइवेट पार्ट में रिमोट भी डाल दिया था। टॉर्चर होने पर मैं रोती रहती थी लेकिन वह बिल्कुल भी रहम नहीं करता था।
रास्ते से किडनैप कर नैनीताल ले गया था
पीड़िता ने बताया- कुछ समय पहले वह एक इवेंट से घर लौट रही थी। आकाश ने फोन करके पूछा कहां हो, उसको अपनी लोकेशन बताई। वह अपनी गाड़ी से आया और जबरन गाड़ी में बैठा कर नैनीताल ले गया। जहां उसने मुझसे जबरन संबंध बनाए।
मैं जब अपने घरवालों को बताने की कोशिश की तो बताने तक नहीं दिया। लौट कर आने के बाद जब उसकी पुलिस में शिकायत करने जा रही थी। तभी आकाश की मां ने हाथ-पैर जोड़कर रिक्वेस्ट की थी। उन्होंने वादा किया था कि आगे से बेटा कोई गलती और बदतमीजी नहीं करेगा।

आकाश के साथ एक अन्य युवक भी फुटेज में दिखा
पुलिस को घटना से जुड़ी CCTV की 3 फुटेज मिली है। 1 फुटेज दिख रहा है कि आकाश युवती के घर के बाहर गालियां देते हुए स्कॉर्पियो से उतरता है। दूसरी में दिख रहा है कि वह सीढ़ियां चढ़कर ऊपर जाता है। वहां लगे CCTV कैमरे को तोड़ता है।
तीसरे फुटेज में वह घर से बाहर निकलता दिखता है। स्कॉर्पियो में सवार होता है। इस बीच गली से 1 अन्य युवक भी आता है। वह गेट खोलकर ड्राइवर की साइड वाली सीट पर बैठ जाता है। उसके बाद दोनों चले जाते हैं। पुलिस उस युवक के बारे में जानकारी जुटा रही है।
युवती खतरे से बाहर, आरोपी की तलाश में पुलिस
लखनऊ कमिश्नरेट पुलिस ने इस संबंध में प्रेस विज्ञप्ति जारी की है। उसमें बताया है कि युवती के दाहिने हाथ में गोली लगी है। वह खतरे से बाहर है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं।