ATM लूट रहे बदमाशों की तरफ ललकारते हुए दौड़ा होमगार्ड,VIDEO:सायरन बजा तो डंडा लेकर पीछे भागा; वर्दीधारी देख फरार हुए; लाखों की लूट नाकाम

गश्त कर रहे जवान ने लाखों रुपए भरा ATM लुटने से बचा लिया। जवान को ATM का सायरन सुनाई दिया था। वो दौड़े और मौके पर पहुंचे, यहां उन्हें गैस कटर के साथ एक आदमी अंदर काम करता हुआ नजर आया। ऐसे में जवान लुटेरों को ललकारता हुआ ATM की ओर दौड़ पड़ा और व्हिसल भी बजाई। वर्दी में जवान को आता देख लुटेरे कार में सवार होकर भाग निकले। इसके बाद जवान ने अधिकारियों को सूचना देकर जाब्ता बुलवाया।
मामला चित्तौड़गढ़ के सेंती थाना इलाके के उदयपुर रोड पर स्थित एक्सिस बैंक के ATM का देर रात का है।
घटना का वीडियो सायरन सुनकर सामने वाले मकान में रहने वाले व्यक्ति ने बना लिया।
सदर थाना इलाका ASI जगवीर सिंह ने बताया- होमगार्ड जवान शंभू व्यास (48) की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से एक्सिस बैंक के ATM में होने वाले लूट की वारदात विफल हो गई है। उन्हें इस साहसिक काम के लिए नगद पुरस्कार भी दिया गया है।
देखें मौके पर कैमरे में कैद हुई घटना की तस्वीरें…

सायरन सुना तो लगा एम्बुलेंस है
पुलिस ने बताया-होमगार्ड जवान शंभू व्यास देर रात सेंती इलाके में गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें तेज सायरन की आवाज सुनाई दी। शंभू ने सोचा कोई एम्बुलेंस होगी। लेकिन। लगातार एक ही जगह से आ रही आवाज को सुनकर शंभू ATM की ओर चलने लगे। थोड़ा दूर पहुंचने पर शंभू को गड़बड़ का अंदेशा हो गया था।
ATM में घुसे थे लुटेरे
शंभू जैसे ही मेन उदयपुर रोड पर पहुंचे तो उन्हें एक्सिस बैंक के ATM के बाहर एक कार खड़ी दिखाई दी। उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति अंदर है और गैस कटर के साथ काम कर रहा है। यह नजारा देखते ही उन्हें पूरी तरह समझ आ गया कि एटीएम लूट की कोशिश चल रही है।
ललकारते हुए लुटेरों की तरफ बढ़े
मौके पर कार में चौथा साथी बैठा हुआ था, जबकि तीन बदमाश अंदर एटीएम को काट रहे थे। स्थिति को देखकर होमगार्ड शंभू व्यास ने बिना समय गंवाए अपनी व्हिसल बजाई और जोर से आवाज लगाते हुए बदमाशों की ओर दौड़ पड़े। तेज आवाज और वर्दीधारी को देख घबराए बदमाश कार में बैठकर तेजी से मौके से फरार हो गए। शंभू व्यास बदमाशों से करीब 10 फीट की दूरी रह गए थे। इतने में बदमाश भाग निकले। शंभू ने तुरंत ट्रेनी डिप्टी मनीष को घटना की जानकारी दी।
बैंक का सायरन बजने और होमगार्ड शंभू के चिल्लाने की आवाज सुनने पर पर एटीएम के सामने रहने वाले कुणाल दमामी जाग गए। वो अपनी छत पर ही थे। उन्होंने इस घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।

पुलिस और दमकल की टीम तुरंत मौके पर पहुंची
सूचना मिलते ही पुलिस उप अधीक्षक बृजेश सिंह, प्रशिक्षु डिप्टी मनीष, सदर थाना इंचार्ज और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। कटर से काटने के कारण एटीएम मशीन में आग लग गई थी और आसपास धुआं भर गया था। पुलिस ने तुरंत दमकल विभाग को बुलाया और आग पर काबू पाया गया। पूरे मामले की जानकारी बैंक प्रबंधन को दे दी गई है।
उनकी रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। जिलेभर में नाकाबंदी करवाई गई है और फरार कार सवारों की तलाश जारी है। सभी ने अपना चेहरा ढका हुआ था। एटीएम लूट की बड़ी वारदात को विफल करने पर चित्तौड़गढ़ पुलिस उप अधीक्षक (मुख्यालय) बृजेश सिंह ने मौके पर ही उनकी हौसला अफजाई करते हुए उन्हें 500 रुपए का नकद पुरस्कार दिया।



