झारखंड

लातेहार में JJMP के दो एरिया कमांडर पकड़े गए:गिरफ्तार आरोपियों में दो लाख का इनामी भी, पुलिस पर हमला सहित 7 मामले हैं दर्ज

लातेहार पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन झारखंड जन मुक्ति परिषद (जेजेएमपी) के दो सक्रिय एरिया कमांडरों को गिरफ्तार किया है। इनमें 2 लाख रुपए का इनामी सुनील उरांव उर्फ मंटू और मुकेश लोहरा शामिल हैं। यह जानकारी एसपी कुमार गौरव ने बुधवार को दी।

गिरफ्तार उग्रवादी सुनील उरांव उर्फ मंटू, रामेश्वर उरांव का बेटा है और तरवाडीह, नावाडीह, लातेहार का निवासी है। दूसरा उग्रवादी मुकेश लोहरा स्वर्गीय लक्ष्मण मिस्त्री का पुत्र है और पुरनी पल्हैया, मनिका का रहने वाला है।

एसपी ने बताया कि सुनील उरांव पर विभिन्न थानों में हत्या, रंगदारी और पुलिस पर हमला सहित सात गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

दोनों किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे

एसपी कुमार गौरव ने बताया कि पप्पू लोहरा के मारे जाने के बाद ये दोनों उग्रवादी संगठन को फिर से सक्रिय करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं।

इस सूचना को गंभीरता से लेते हुए, लातेहार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरविंद कुमार के नेतृत्व में लातेहार और मनिका थाना की एक संयुक्त टीम ने विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इस अभियान के दौरान दोनों उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

एसपी ने बताया कि सुनील उरांव पर विभिन्न थानों में हत्या, रंगदारी और पुलिस पर हमला सहित सात गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।

जेजेएमपी की वर्तमान सक्रियता बहुत कम हो गई है: एसपी

एसपी ने बताया कि मुकेश लोहरा पर दो मुकदमे दर्ज हैं, जो हत्या और अन्य आपराधिक गतिविधियों से संबंधित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जेजेएमपी की वर्तमान सक्रियता बहुत कम हो गई है। संगठन में अब मात्र 4-5 सदस्य बचे हैं, जो संगठित होकर काम नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस का उग्रवाद विरोधी अभियान आगे भी जारी रहेगा।

छापेमारी अभियान में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अरविंद कुमार, लातेहार थाना प्रभारी रामाकांत गुप्ता, मनिका थाना प्रभारी शशि कुमार, एसआई राहुल सिंह, विक्रांत कुमार उपाध्याय, विकास कुमार, धर्मवीर सिंह और लातेहार व मनिका थाना के जवान शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button