रात के अंधेरे में भारत में घुसा पाकिस्तानी नागरिक:बाड़मेर में तारबंदी क्रॉस कर गायों के बाड़े में छुपकर बैठा था; BSF ने पकड़ा

भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने पाकिस्तानी नागरिक को पकड़ा है। युवक रात के अंधेरे में तारबंदी क्रॉस कर भारतीय सीमा में करीब 200 मीटर तक घुस गया था। वह गायों के एक बाड़े में छुपकर बैठा था।

BSF जवानों ने बुधवार सुबह युवक को दबोच लिया। बीएसएफ ने पूछताछ के बाद पाकिस्तानी नागरिक को सेड़वा थाना पुलिस को सौंप दिया। मामला बाड़मेर जिले में दीपला बीओपी ढाणी के पास का है।
बाड़मेर एसपी नरेंद्र सिंह मीना ने बताया- बीएसएफ जवानों ने सेड़वा पुलिस थाना क्षेत्र में एक पाकिस्तानी नागरिक को पकड़ा। पूछताछ में पाक नागरिक ने अपना नाम हिंदाल (24) पुत्र बरसा निवासी नयातला तहसील छाछरो जिला मीठी (पाकिस्तान) बताया।
युवक भारतीय सीमा में कुछ मीटर अंदर घुस आया था और जेठाराम व हरचंद राम निवासी जाटों का बैरा के गायों के बाड़े में बैठा था। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे बीएसएफ के जवानों ने उसे पकड़ा और पूछताछ की।
फिलहाल उसके पास से किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। बीएसएफ ने उसे सेड़वा थाना पुलिस को सौंप दिया है। BSF द्वारा रिपोर्ट देने पर नियमानुसार विभिन्न एजेंसियों से JIC करवाकर कार्रवाई की जाएगी।
पाकिस्तानी नागरिक ने कौनसे पिलर से भारतीय सीमा में प्रवेश किया था, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। उसके पदचिह्नों को खोजा जा रहा है, ताकि आगे से ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।
45 दिन पहले आए थे पाकिस्तानी नागरिक और बेटा इससे पहले भी 8 अक्टूबर को भारत-पाकिस्तान बॉर्डर के जीरो पॉइंट पर सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने पाकिस्तानी नागरिक और उसके 7 साल के बेटे को पकड़ा था। दोनों पाकिस्तानी बॉर्डर से भारतीय सीमा में घुसने का प्रयास कर रहे थे।
जवानों ने दोनों को भारतीय सीमा में बने गांव जानपालिया के पास जीरो पॉइंट पर पकड़ लिया था। दोनों से पूछताछ की गई। इसके बाद उन्हें पुलिस को सौंपा था। पूछताछ में सामने आया है कि पाकिस्तानी नागरिक के रिश्तेदार पहले से ही भारत में रह रहे थे।
पाकिस्तान जासूसों से क्या डिमांड करता है? एक्सपर्ट के अनुसार युद्ध के समय हर छोटी से छोटी जानकारी दुश्मन देश के लिए महत्वपूर्ण होती है। जासूस सीमावर्ती क्षेत्रों में हर तरह की जानकारी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के एजेंटों को शेयर करते हैं।
- सेना का मूवमेंट : सबसे महत्वपूर्ण जानकारी सेना की मूवमेंट से लेकर उनके ठिकानों की साझा करते हैं। साथ ही सैन्य स्ट्रक्चर, तैनाती, फेंसिंग, बीओपी आदि की लोकेशन, फोटो और डिटेल साझा करते हैं।
- ब्रिज, सैन्य ठिकाने और सैन्य सड़कों का नेटवर्क : अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगते क्षेत्रों में बिल्डिंग का कंस्ट्रक्शन हो या सैन्य संबंधी कोई कंस्ट्रक्शन, साथ ही अंडरब्रिज,ओवरब्रिज, सड़क आदि के निर्माण की डिटेल भी जासूस पाकिस्तान में शेयर करते हैं।
- स्कूल, हॉस्टल, बिल्डिंग्स : जासूसों से आर्मी एरिया में स्थापित स्कूल, हॉस्टल और अन्य एडमिन बिल्डिंग की फोटो व लोकेशन की डिमांड की जाती है। सीमावर्ती क्षेत्र में मोबाइल टावर की लोकेशन उसकी फोटो आदि भी यह जासूस पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के एजेंटों को साझा करते हैं।
- राजस्थान की सीआईडी इंटेलिजेंस ने जैसलमेर में बॉर्डर से पाकिस्तानी जासूस हनीफ खान को गिरफ्तार किया है। हनीफ खान पैसों के लालच में पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई को भारतीय सेना से जुड़ी गोपनीय सूचनाएं भेज रहा था।
- जैसलमेर में बॉर्डर के पास पकड़े गए पश्चिम बंगाल के युवक लालचंद ने चौकाने वाले खुलासे किए हैं। 10 दिन में 2000 किमी सफर कर जैसलमेर पहुंचा। लालचंद अरब देशों में जाना चाहता था। उसे वीजा नहीं मिला तो उसने जैसलमेर के रास्ते पाकिस्तान और वहां से अरब देशों में जाने का रास्ता चुना।



