फैक्ट्री में 8 मौत वाले दिन सुबह आया था बारूद:हादसे वाली जगह 25 कट्टे रखे थे, दिल्ली से चार लोडिंग टेम्पो से 4 जगह उतारा गया सामान

जयपुर के खोह नागोरियान इलाके में 9 जून की सुबह हुए भीषण अग्निकांड में नए तथ्य सामने आए हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस दिन भीषण विस्फोट हुआ, उसी दिन सुबह करीब चार बजे दिल्ली से बारूद और पटाखे बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान जयपुर पहुंचा था।
सूत्रों के अनुसार, यह पूरा सामान चार बंद लोडिंग टेम्पो में भरकर लाया गया था। हाल ही में पकड़ी गई चार अवैध पटाखा फैक्ट्रियों में सामान उतारा गया था। कट्टे और अन्य सामग्री खाली करने के तुरंत बाद चारों टेम्पो वापस दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे।
इन चार फैक्ट्रियों में उतरा था सामान
9 जून की सुबह तलाई क्षेत्र में जहां ब्लास्ट हुआ, दाउद नगर में दो फैक्ट्रियों और आईशा नगर स्थित फैक्ट्री में पटाखे बनाने का सामान और बारूद उतारा गया था।। सबसे ज्यादा माल दाउद नगर स्थित फैक्ट्रियों में उतारा गया था।

फिरोज वैगनआर कार के साथ एस्कॉर्ट करते हुए फैक्ट्री तक लेकर आया था टेम्पो
जांच में यह भी सामने आया है कि हादसे वाली फिरोज की फैक्ट्री में सबसे कम बारूद उतारा गया था। यहां कुल 25 कट्टे बारूद के उतारे गए थे। इसके अलावा पटाखों में इस्तेमाल होने वाली नलकियों के कार्टन भी इसी फैक्ट्री में खाली किए गए थे।
पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि इन चारों लोडिंग वाहनों को फिरोज अपनी वैगनआर कार के साथ एस्कॉर्ट करते हुए फैक्ट्री तक लेकर आया था। इस खुलासे के बाद जांच एजेंसियां दिल्ली से विस्फोटक सामग्री की सप्लाई चेन, परिवहन और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की गहन पड़ताल कर रही हैं।
एफएसएल जांच में भी सामने आए अहम संकेत
जांच एजेंसियों को आशंका है कि खाना बनाने के दौरान निकली चिंगारी या फिर किसी की स्मोकिंग से उठी चिंगारी से बारूद ने आग पकड़ी होगी। अभी अंतिम रिपोर्ट आना बाकी है और जांच एजेंसियां सभी पहलुओं को खंगाल रही हैं।

पुलिस की जांच अब इन बिंदुओं पर केंद्रित
- दिल्ली से बारूद किसने भेजा?
- विस्फोटक सामग्री की खरीद किसके नाम पर हुई?
- चारों टेम्पो चालक और मालिक कौन हैं?
- अवैध फैक्ट्रियों में बारूद के भंडारण की अनुमति किसके संरक्षण में की जा रही थी?
- सप्लाई नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं?
थानाधिकारी प्रकाश राम विश्नोई ने बताया- पूरे मामले की सेस्टिंविट को ध्यान में रखकर पुलिस जांच कर रही है। मामले में जल्द कार्रवाई की जानकारी दी जाएगी।



