12 राज्य की 26 राज्यसभा सीटों पर 23 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए

12 राज्य की 26 राज्यसभा सीटों पर 23 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं। इनमें महाराष्ट्र और तमिलनाडु की 1-1 सीट पर उपचुनाव थे। जीतने वालों में 12 भाजपा, 5 कांग्रेस, 3 TDP, 1 NCP, 1NPP और 1 जनसेना से है। चुनाव जीतने वालों में कर्नाटक से कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और मीडिया व प्रचार प्रमुख पवन खेड़ा का नाम शामिल है।
इन 23 सीटों में से भाजपा को 2 सीटों का फायदा हुआ है। MP में 3 सीटें खाली हुई थीं, इनमें 2 भाजपा और 1 सीट कांग्रेस के पास थी। वहीं, गुजरात में 4 सीटें खाली हुईं थीं। इनमें 3 भाजपा और 1 कांग्रेस के पास थी। अब दोनों राज्यों की 7 सीटों पर भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं। बाकी 3 सीटों पर 18 जून को वोटिंग होगी।

राहुल बोले- मीनाक्षी का नामांकन रद्द होना सीट चोरी
चुनाव आयोग ने गुरुवार मध्यप्रदेश से भाजपा उम्मीदवार रजनीश अग्रवाल, तरुण चुग और महेश केवट को निर्वाचन सर्टिफिकेट दे दिए हैं। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के खिलाफ पार्टी की याचिका पर सुनवाई शुक्रवार तक के लिए टाल दी थी। मामले पर चुनाव आयोग ने भी कोई फैसला नहीं दिया है।
दरअसल, MP की तीसरी सीट के लिए कांग्रेस ने मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार बनाया था। कांग्रेस के पास पर्याप्त संख्या बल भी था, लेकिन 9 जून को उनका नामांकन फॉर्म निरस्त कर दिया गया।
राहुल गांधी ने कहा- भाजपा और चुनाव आयोग की जुगलबंदी ने सीट चोरी की है। कांग्रेस उम्मीदवार का नामांकन मामूली आपत्ति पर खारिज कर दिया गया, जबकि भाजपा समर्थित उम्मीदवार को त्रुटियां सुधारने का मौका दिया गया। चुनाव आयोग ने दो उम्मीदवारों के साथ अलग-अलग व्यवहार किया और कांग्रेस की आपत्तियों का जवाब भी नहीं दिया।
अब राज्यवार जानिए NDA और विपक्ष को कितना फायदा-नुकसान…
18 जून को राज्यसभा चुनाव खत्म होने के बाद भी संसद में स्थिति सामान्य रहने की उम्मीद है। पहले NDA को एक सीट को नुकसान होता दिख रहा था, पर MP में पार्टी की सभी 3 सीटों पर जीत के बाद स्थिति सामन्य रहेगी।
महाराष्ट्र और तमिलनाडु में उपचुनाव, NDA की एक सीट कम हुई : महाराष्ट्र में NCP की सुनेत्रा पवार और तमिलनाडु में AIADMK के सीवी षणमुगम के इस्तीफे से खाली हुई सीटों पर उपचुनाव हुए। महाराष्ट्र की सीट एनडीए के खाते में गई। वहीं तमिलनाडु की AIADMK की सीट TVK के समर्थन से कांग्रेस ने जीती।
आंध्र प्रदेश में 4 सीटें, चारों NDA को: आंध्र प्रदेश में तीन सीटें YSRCP के पास थीं, एक TDP के पास थी। अब NDA चारों सीटें जीत गई है।
गुजरात में 4 सीटें, चारों NDA को: गुजरात में तीन BJP और एक कांग्रेस के पास है। चुनाव में भाजपा चारों सीटें जीती हैं।
झारखंड में 2 सीटें, दोनों INDIA को: झारखंड में दो सीटें हैं। एक सीटें भाजपा के पास है। एक खाली है। दोनों सीटें JMM-कांग्रेस गठबंधन को मिल सकती हैं। लेकिन BJP के पास 21 विधायक हैं। चार विपक्षी सदस्यों की क्रॉस वोटिंग अगर हो गई तो वह एक सीट जीत सकती है।
मध्य प्रदेश में 3 सीटें, तीनों BJP को: मध्यप्रदेश में तीन सीटें हैं। भाजपा सभी सीटें जीत गई है।
राजस्थान में 3 सीटें, दो BJP, एक कांग्रेस को: राजस्थान में भी तीन सीटें हैं। जिसमें से दो भाजपा और एक कांग्रेस के पास है। यहां कोई बदलाव नहीं होगा।
कर्नाटक में 4 सीटें, कांग्रेस को तीन, NDA को एक: कर्नाटक में अभी एनडीए के पास तीन, कांग्रेस के पास एक सीट हैं। चुनाव में कांग्रेस तीन सीटें जीत गई है। वहीं NDA एक सीट मिली है।
मणिपुर-अरुणाचल में भाजपा के खाते में दो सीटें: मणिपुर और अरुणाचल प्रदेश में एक-एक सीट खाली हुई थी। दोनों एनडीए को मिली हैं। मिजोरम में अभी मिजो नेशनल फ्रंट के पास एक सीट है, जो जोरम पीपल्स मूवमेंट जीत सकती है। मेघालय में नेशनल पीपुल्स पार्टी अपनी सीट बचाने में कामयाब हो गई है।
245 सदस्यों वाली राज्यसभा में NDA के पास अभी 147 सांसद
245 सदस्यों वाली राज्यसभा में NDA के पास अभी 147 सांसद हैं, जबकि विपक्ष के पास 67 और गैर-गठबंधन वाले क्षेत्रीय दलों के पास 28 सांसद हैं।


