खगड़िया, बेगूसराय में आंधी से सड़क पर चलना मुश्किल:मोतिहारी समेत 7 जिलों में तेज बारिश; आंधी से पेड़-पोल गिरे, 5 की मौत

बिहार के कुछ जिलों में मौसम ने करवट ली है। तेज धूप के बाद अचानक आंधी के साथ बारिश हुई है। बेतिया, मोतिहारी, बेगूसराय, लखीसराय, खगड़िया, भागलपुर और मुंगेर में तेज हवा के साथ बारिश हुई है। बेगूसराय में एक ऑटो के ऊपर पोल गिर गया। ड्राइवर बाल-बाल बचा।
सीतामढ़ी में सोमवार की रात आंधी-बारिश के बाद पीपल का पेड़ एक कच्चे मकान पर गिर गया। इस हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने आज 24 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
आकाशीय बिजली गिरने को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है। अगले 48 घंटे में राज्य में भारी बारिश का अलर्ट है। सोमवार को पटना समेत प्रदेश के 8 जिलों में पारा 41 डिग्री के पार चला गया। 43.4 डिग्री के साथ रोहतास सबसे गर्म जिला रहा। जबकि बक्सर में 42.7 डिग्री और कैमूर में 42.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
मौसम की कुछ तस्वीरें…






पेड़ गिरने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत
सीतामढ़ी में सोमवार देर रात आंधी बारिश के बाद एक घर पर पीपल का पेड़ गिर गया। घर के मलबे में दबने से एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। घटना रीगा थाना क्षेत्र के रेवासी धनुषी टोला वार्ड संख्या-01 की है।
मृतकों की पहचान सिकंदर सहनी की पत्नी पूजा देवी (28), बेटा राजकुमार (7), बेटी शिवानी (5 ) और एक माह के बेटे लाइगर कुमार की मौके पर ही मौत हो गई।
परिवार का दो साल का बेटा वीरभर्द कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसे अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
अगले कुछ दिनों का मौसम
10 और 11 जून को अररिया, किशनगंज और सुपौल में भारी बारिश का अलर्ट है। इन जिलों में 60Kmph की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। 12 और 13 जून को उत्तर बिहार के अधिकांश जिलों में आंधी-पानी की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।
वहीं. 13 जून के बाद पूरे बिहार में गरज-चमक के साथ तेज बारिश के आसार हैं। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग का कहना है कि दक्षिण बिहार में अगले दो दिनों तक गर्मी बनी रह सकती है, लेकिन 10 जून के बाद तापमान में धीरे-धीरे गिरावट शुरू होगी।



