उत्तर प्रदेश

यूपी में जोरदार बारिश, अमरोहा में जमकर ओले गिरे:लखनऊ में आंधी के बाद बरसात, बाइक से जा रहे युवक पर टिनशेड गिरी

मौसम विभाग ने रविवार को यूपी के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। दोपहर में अमरोहा में बारिश के साथ ओले गिरे। लखनऊ, संभल, मुरादाबाद, हाथरस, गोंडा और बलरामपुर में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई। वहीं बलिया में धूलभरी आंधी के बाद बारिश हुई।

अगले कुछ घंटों में शाहजहांपुर, फिरोजाबाद, फर्रुखाबाद, अलीगढ़, बुलंदशहर समेत 19 जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओले गिरने की संभावना है। इन जिलों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

 

लखनऊ में रविवार दोपहर बारिश के दौरान घर के बाहर नहा रहे 10 साल के बच्चे की दीवार गिरने से मौत हो गई। लखीमपुर खीरी में तेज आंधी-बारिश के दौरान कच्ची दीवार ढहने से 7 साल के बच्चे की जान चली गई। उधर, रामपुर में शनिवार शाम आंधी के बीच होटल की लोहे की टिनशेड उखड़कर बाइक सवार युवक पर गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रदेश में मौसम में बदलाव के बावजूद रविवार को बस्ती सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उरई (जालौन) में 39.8 डिग्री, बांदा में 39.2 डिग्री, वाराणसी में 39 डिग्री, प्रयागराज में 38.6 डिग्री और झांसी में 38.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

3 दिन से जारी आंधी-बारिश के बीच पारा 8°C लुढ़ककर 40°C तक पहुंच गया है। मौसम विभाग का कहना है कि 1 जून को भी पूरे प्रदेश में हल्की बारिश के आसार हैं। ठंडी हवाएं चलेंगी। बादल छाए रहेंगे। गर्मी से राहत बरकरार रहेगी। 2 जून से मौसम फिर बदलेगा। गर्मी अपने तेवर दिखाएगी। पारे में 4°C से 5°C तक का उछाल आएगा। हालांकि, लू चलने के आसार नहीं हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button