यूपी में भीषण गर्मी, प्रयागराज में ट्रांसफार्मर में ब्लास्ट:शेरों के लिए AC लगे, डिप्टी सीएम बोले-धूप में मत निकलिए

यूपी पिछले 4-5 दिनों से भीषण गर्मी की चपेट में है। बांदा लगातार चौथे दिन देश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पहले मंगलवार को बांदा का पारा सीजन में पहली बार 48.2°C रिकॉर्ड किया गया था।
बुधवार को प्रयागराज में तापमान 46.4°C, झांसी में 45.9°C, आगरा में 45.3°C, बुलंदशहर में 45°C और कानपुर में 44.6°C दर्ज किया गया। प्रयागराज में अचानक एक ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई। आशंका है कि तेज गर्मी और बढ़े हुए बिजली लोड के कारण आग लगी।
गोरखपुर चिड़ियाघर में दरियाई घोड़ा दिन में पानी से बाहर नहीं आया। लखनऊ चिड़ियाघर में पानी डालकर जानवरों को ठंडक पहुंचाई गई। इटावा सफारी में ब्रीडिंग सेंटर में शेरनी और शावकों के लिए एसी चलाए जा रहे हैं। नोएडा में एक बंदर स्विमिंग पूल में तैरते दिखा।
मौसम विभाग का कहना है कि पाकिस्तान के बलूचिस्तान और थार मरुस्थल से आ रही सूखी और गर्म हवाएं सीधे उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में पहुंच रही हैं। इससे मई के आखिरी हफ्ते या जून वाली गर्मी अभी से महसूस हो रही है। फिलहाल, 10 दिन तक भीषण गर्मी पड़ेगी और लू चलेगी।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अस्पतालों को पुख्ता इंतजाम के निर्देश दिए हैं। लोगों से अपील की है कि जरूरी हो, तभी घर से निकलें।
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया-
प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। ज्यादातर जिलों का तापमान 45°C से 49°C के बीच पहुंचेगा। 29 मई को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इससे मौसम बदलने की संभावना है। वहीं, मानसून केरल में 26 मई के आसपास पहुंच सकता है। 18 जून को मानसून गोरखपुर के रास्ते यूपी में प्रवेश करेगा। हालांकि, यह एक संभावित तिथि है।

मौसम की तस्वीरें-







बांके बिहारी में मैट बिछाई, लखनऊ में बिजली कटौती पर हंगामा काशी विश्वनाथ मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं को दोपहर के समय आने से बचने की सलाह दी है। वृंदावन के श्री बांके बिहारी मंदिर में चबूतरे पर बिछी मैट को ठंडा रखने के लिए पानी का छिड़काव किया जा रहा। लखनऊ में इतनी गर्मी पड़ी कि आईफोन ने भी जवाब दे दिया। उसमें हीट का अलर्ट आने लगा। बिजली कटौती की वजह से लोगों ने पावर हाउस में हंगामा किया।



