बागेश्वर धाम से लौट रहे 4 लोगों की मौत:हमीरपुर में कार ट्रक से भिड़ी; 3 मृतक कानपुर के रहने वाले थे
हमीरपुर में वैगनआर कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार ड्राइवर समेत 4 लोगों की मौत हो गई। सभी मध्यप्रदेश के छतरपुर में बाबा बागेश्वर धाम में दर्शन करने के बाद कानपुर लौट रहे थे।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। कार के अंदर की सीट भी उखड़ गई। कार सवार 4 लोग कानपुर के नवाबगंज के रहने वाले थे। हादसा रविवार दोपहर मौदहा कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे- 34 पर छिरका गांव के पास हुआ।


पुलिस के मुताबिक, कार से 5 लोग सवार थे। कार ओवरटेक करते समय सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ गई। मौके पर ही नरेंद्र (55), राजकपूर (57), मीना (54) और ड्राइवर आयुष चौहान (25) की मौत हो गई। नरेंद्र की पत्नी रेखा (52) को गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया गया। चारों लोग जागेश्वर मंदिर के पास नवाबगंज कानपुर के रहने वाले थे, जबकि ड्राइवर आयुष लखनऊ का रहने वाला था।

परिवहन निगम के एक टीआई सतेंद्र सिंह बसों की चेकिंग के लिए हाईवे किनारे खड़े थे। उन्होंने बताया कि वैगनआर रॉन्ग साइड से महोबा की तरफ से आई थी और सीधे ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद एक महिला की सांस चल रही थी।
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कार की रफ्तार करीब 80KM प्रति घंटा थी। ट्रक से टकराने के बाद कार के दोनों एयरबैग भी खुल गए थे। लेकिन, तेज रफ्तार की वजह से गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। लोग कार में ही फंस गए थे। राहगीरों ने एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी और घायलों को काफी मुश्किल से कार से बाहर निकाला।
कानपुर के रहने वाले थे 3 मृतक
नरेंद्र अपनी पत्नी रेखा के साथ नवाबगंज की सिग्नेचर सिटी के जागेश्वर मंदिर के पास रहते थे। उनके पड़ोस में ही मीना भी रहती थीं। 16 मई (शनिवार) को नरेंद्र और उनकी पत्नी रेखा पहली बार बागेश्वर धाम दर्शन करने ट्रेन से गए थे। मीना भी उनके साथ गई थीं।
सड़क हादसे में नरेंद्र और मीना की मौत हो गई, जबकि रेखा की हालत सीरियस है। उनको कानपुर रेफर किया गया है। वहीं, पुलिस से मौत की सूचना मिलते ही नरेंद्र की दो बेटियां हमीरपुर रवाना हो गए।
नरेंद्र के परिवार में उनकी पत्नी रेखा के अलावा 4 बेटियां हैं। इनमें प्रियंका (25) और तन्नू (21) की शादी हो गई है। तान्या (14) और लक्ष्मी (18) अभी पढ़ रही हैं।




