मध्य प्रदेश

छतरपुर बस स्टैंड क्षेत्र में रात 3 युवकों ने नाबालिग से गैंगरेप किया:छतरपुर में जबरन स्कूटी पर बैठाते दिखे आरोपी; आधी रात कार से चौराहे पर छोड़कर भागे

मध्य प्रदेश के छतरपुर बस स्टैंड क्षेत्र में शुक्रवार रात 3 युवकों ने नाबालिग से गैंगरेप किया। आरोपी उसे बस स्टैंड स्थित मुसाफिरखाने के पास से एक कमरे में ले गए और वारदात को अंजाम दिया। रात ढाई बजे आरोपी नाबालिग को छोड़कर भाग गए। पुलिस को वह सुबह 5 बजे बदहवास हालत में मिली।

सीएसपी अरुण कुमार सोनी के अनुसार, नाबालिग शुक्रवार रात करीब 10 बजे छतरपुर बस स्टैंड पहुंची थी। वह अपने परिचित युवक के साथ 25-30 किलोमीटर दूर से छतरपुर आई थी, लेकिन कुछ देर बाद युवक उसे छोड़कर चला गया।

इसके बाद परेशान नाबालिग बस स्टैंड इलाके में रात रुकने के लिए सुरक्षित स्थान तलाश रही थी। तभी आसपास घूम रहे दो युवकों ने उसे भरोसा दिलाया कि वे उसके रुकने की व्यवस्था कर देंगे। इसके बाद नाबालिग उनके साथ चली गई।

शक होने पर भागने लगी तो जबरन स्कूटी पर बैठाया

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि कुछ देर बाद उसे युवकों की नीयत पर शक हुआ और वह वहां से भागने लगी। इसी दौरान आरोपियों ने उसे जबरन पकड़ लिया और स्कूटी पर बैठाकर ले गए। जांच में मिले CCTV फुटेज में भी नाबालिग युवकों के साथ जाती दिखी है।

फुटेज में एक युवक नाबालिग को पकड़कर ले जाता दिख रहा है, जबकि दूसरा उसे जबरन बाइक या स्कूटी पर बैठाता नजर आ रहा है। इसके बाद आरोपी उसे बस स्टैंड क्षेत्र से बाहर ले जाते दिखाई दे रहे हैं।

कमरे में पहले से मौजूद था तीसरा आरोपी

पुलिस के अनुसार, आरोपी नाबालिग को शहर के दूसरे इलाके में एक कमरे में ले गए, जहां पहले से तीसरा युवक मौजूद था। आरोप है कि तीनों ने मिलकर नाबालिग से दुष्कर्म किया। वारदात के बाद आरोपी उसे फोर व्हीलर में बैठाकर रात करीब ढाई बजे छत्रसाल चौक के पास छोड़ गए।

डरी-सहमी नाबालिग किसी तरह वहां से निकली। सुबह करीब सवा पांच बजे पुलिस को वह मिली, जिसके बाद मामला सामने आया। शुरुआती समय में वह बेहद घबराई हुई थी और ठीक से बात नहीं कर पा रही थी। बाद में पुलिस और परिजन की मौजूदगी में उसका बयान दर्ज किया गया।

गांव से रात 9 बजे निकली थी नाबालिग

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नाबालिग रात करीब 9 बजे अपने गांव से निकली थी। लगभग 10 बजे छतरपुर बस स्टैंड पहुंची। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह किन परिस्थितियों में बस स्टैंड पहुंची और उसके साथ आया युवक कौन था।

CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से जांच तेज

पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के निर्देशन में 10 पुलिस टीमें गठित की गई हैं। टीमें शहर के अलग-अलग इलाकों में दबिश देकर मुसाफिरखाने और आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही हैं। इसके अलावा होटल, लॉज और संभावित ठिकानों पर भी जांच की जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button