झारखंड

चतरा, रांची समेत कई जिलों में हुई बारिश:गिरिडीह में वज्रपात से दो की मौत, कल भी झारखंड के 20 जिलों में हो सकती है बारिश

झारखंड के मौसम में मंगलवार से ही बदलाव साफ नजर आ रहा है। बोकारो, जमशेदपुर जैसे जिलों में जहां बारिश हुई। वहीं रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग जैसे जिलों में बादल छाए हुए हैं।

दोपहर बाद रांची, चतरा, चाईबासा, जमशेदपुर समेत कई जिलों में बारिश हुई। चतरा में तो ओलावृष्टि भी हुई। वहीं, गिरिडीह में वज्रपात से दो युवकों की मौत हो गई। जबकि इस घटना में चार लोग घायल हो गए। हादसा तिसरी थाना क्षेत्र के चंदौरी गांव में हुआ।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक मौसम में यह बदलाव बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हो रहा है। इस बदलाव के असर से झारखंड का मौसम पलट गया है।

3.2 डिग्री तक गिरा तापमान

मंगलवार सुबह हुई बारिश से गर्मी से राहत मिली, लेकिन बेड़ो के खुखरा में वज्रपात से एक किसान की मौत हो गई। बारिश के बाद रांची समेत कई जिलों का तापमान 3.2 डिग्री तक लुढ़क गया। रांची का अधिकतम तापमान 1.7 डिग्री गिरकर 38.2 डिग्री पहुंचा।

डालटनगंज का 3.2 डिग्री गिरकर 41.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले 6 दिन राहत की बारिश होगी। अगले तीन दिन में अधिकतम तापमान 6 डिग्री तक गिर सकता है।

आज व कल 20 जिलों में आंधी के साथ बारिश

मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 29 और 30 अप्रैल को रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़ समेत संथाल के जिलों में बारिश होगी। वहीं पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला, कोडरमा, लोहरदगा, धनबाद, गिरिडीह और जामताड़ा में गर्जन, वज्रपात और आंधी की आशंका है।

30 अप्रैल को रांची समेत 13 जिलों में आंधी के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों के लिए यलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

मौसम विज्ञान केंद्र रांची की ओर से जारी पूर्वानुमान में बताया गया है कि अगले तीन घंटे में बोकारो, देवघर, धनबाद, दुमका, पूर्वी सिंहभूम, गिरिडीह, हजारीबाग, जामताड़ा, खूंटी, कोडरमा, रामगढ़, रांची, सरायकेला-खरसावां और पश्चिमी सिंहभूम जिलों के कुछ भागों में हल्के से मध्यम दर्जे की मेघ गर्जन तथा वज्रपात के साथ वर्षा होने की संभावना है। साथ में कुछ स्थानों पर तेज हवा चलेगी। हवा की रफ्तार 30-40 km/h तक देखी जा सकती है।

41.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ सराकेला का पारा

मौसम में बदलाव के बाद भी ताजा आंकड़ों के अनुसार कई जिलों में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। खासकर औद्योगिक और दक्षिणी इलाकों में गर्मी ज्यादा महसूस की जा रही है। सरायकेला-खरसावां में 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इसके बाद पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) 41.7 डिग्री, पलामू (डाल्टनगंज) 41.6 डिग्री, बोकारो 41.5 डिग्री और पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) 41.4 डिग्री के साथ क्रमशः दूसरे से पांचवें स्थान पर रहे।

जमशेदपुर, बोकारो में तापमान बढ़ा, डाल्टनगंज, रांची में हल्की गिरावट दर्ज की गई।

इन सभी जिलों में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। वहीं राजधानी रांची अपेक्षाकृत राहत में रही। यहां अधिकतम तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे कम रहा।

हालांकि यह भी सामान्य से 1.5 डिग्री ज्यादा है, लेकिन अन्य जिलों की तुलना में यहां गर्मी का असर थोड़ा कम है। कुछ जिलों में 24 घंटे के दौरान तापमान में बदलाव भी देखने को मिला। जहां जमशेदपुर और बोकारो में तापमान बढ़ा, वहीं डाल्टनगंज और रांची में हल्की गिरावट दर्ज की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button