
रांची में धुर्वा के पूर्व पार्षद और पंडरा में जमीन कारोबारी की गोली मारकर हत्या करने वाला शूटर सत्यम पाठक के साथ बुधवार सुबह पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में सत्यम पाठक के दोनों पैरों में गोली लग गई। उसके हाथ में भी चोट आई है। घायल अवस्था में उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुलिस की टीम उसे हथियार बरामदगी के लिए लेकर पहुंची थी। पूछताछ में सत्यम ने कबूल किया था कि उसने घटना में इस्तेमाल किए गए दो हथियार वहीं छिपा रखे हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस उसे मौके पर लेकर गई थी।
इसी दौरान उसने अचानक एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की।
मंगलवार को हुई थी जमीन कारोबारी की हत्या का आरोपी
गौरतलब है कि एक दिन पहले मंगलवार को पंडरा के ओटीसी मैदान इलाके में जमीन कारोबार से जुड़े भार्गव सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात को सत्यम पाठक ने अंजाम दिया था, जबकि इस पूरे घटनाक्रम का मास्टरमाइंड विजय टेटे बताया जा रहा है।
हत्या के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए सत्यम को गिरफ्तार कर लिया था। प्रारंभिक पूछताछ में उसने कई अहम खुलासे किए, जिनके आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही थी। हथियार बरामदगी के दौरान हुई मुठभेड़ ने मामले को और गंभीर बना दिया है।
पूर्व पार्षद वेद प्रकाश हत्याकांड में भी रहा है शामिल
सत्यम पाठक का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा रहा है। वह धुर्वा के पूर्व पार्षद और भाजपा नेता वेद प्रकाश सिंह की हत्या में भी शामिल रहा है। 7 जुलाई 2024 की शाम धुर्वा बस स्टैंड के पास बाइक सवार तीन अपराधियों ने वेद प्रकाश सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिसमें एक गोली उनकी गर्दन में लगी थी।
गंभीर रूप से घायल वेद प्रकाश को इलाज के लिए दिल्ली के एम्स ले जाया गया था, जहां 3 अगस्त 2024 को उनकी मौत हो गई थी। इस हत्याकांड के बाद से ही सत्यम पाठक पुलिस के रडार पर था। ताजा मुठभेड़ के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है।



