कुंभ की नाबालिग वायरल गर्ल प्रेग्नेंट:पति फरमान बोला- डॉक्टरों ने बेड रेस्ट कहा, पुलिस के सामने पेश नहीं होगी

प्रयागराज महाकुंभ से सुर्खियों में आई वायरल गर्ल फिर चर्चा में है। उसके पति फरमान खान ने दावा किया कि पत्नी प्रेग्नेंट है। वह यात्रा नहीं कर सकती और पुलिस के सामने पेश नहीं हो सकती।
कोच्चि पहुंची मध्य प्रदेश पुलिस से फरमान ने कहा- डॉक्टरों ने स्वास्थ्य और गर्भावस्था को देखते हुए बेड रेस्ट की सलाह दी है। फिलहाल पुलिस दावे की जांच कर रही है। पुष्टि के लिए स्थानीय प्रशासन से मेडिकल सर्टिफिकेट मांगा जा सकता है।
इस बयान से साफ है कि वायरल गर्ल लापता नहीं है और पति के साथ रह रही है। एमपी पुलिस अब तक नाबालिग होने के मामले में दोनों से पूछताछ नहीं कर सकी है।
जन्मतिथि के दो अलग-अलग प्रमाण पत्र मिले थे
कुंभ वायरल गर्ल की शादी शुरू से विवाद में है। पहले इसे ‘लव जिहाद’ बताया गया, फिर परिवार ने नाबालिग होने का दावा किया। जांच में महेश्वर नगर परिषद के जन्म प्रमाण पत्र में विसंगतियां मिली थीं।
मेडिकल रिकॉर्ड के अनुसार उसका जन्म 30 दिसंबर 2009 को हुआ था। 11 मार्च 2026 को शादी के समय उसकी उम्र 16 साल, 2 महीने और 12 दिन थी। इसके बाद प्रशासन ने 1 जनवरी 2008 वाले पुराने प्रमाण पत्र को निरस्त करने के निर्देश दिए थे।
परिजन ने कहा था- फरमान ने बहला-फुसलाकर शादी की
वायरल गर्ल के माता-पिता की शिकायत है कि फरमान ने उसे बहला-फुसलाकर शादी के लिए राजी किया था। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) जांच में सामने आया कि शादी के समय वह नाबालिग थी।
इसके बाद फरमान खान पर POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज हुआ। इस मामले में बयान के लिए उसे पुलिस के सामने पेश होना था। फिलहाल, केरल हाई कोर्ट ने फरमान की गिरफ्तारी पर 20 मई तक रोक लगा रखी है।
वायरल गर्ल ने माता-पिता पर प्रताड़ना के आरोप लगाए थे
वायरल गर्ल ने केरल के थंपानूर पुलिस स्टेशन में बयान देकर माता-पिता पर प्रताड़ना के आरोप लगाए थे। उसने कहा था कि परिजन चाचा के लड़के से शादी का दबाव बना रहे थे, जबकि वह उसे भाई मानती है।
मानसिक तनाव के दौरान फरमान ने उसका साथ दिया। नजदीकियां प्रेम में बदलीं तो दोनों ने केरल के एक मंदिर में स्थानीय लोगों की मौजूदगी में शादी कर ली।
डायरेक्टर मिश्रा बोले- कट्टरपंथियों का शातिर नेटवर्क
वायरल गर्ल की प्रेग्नेंसी के दावों पर डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा- मध्य प्रदेश पुलिस केरल पहुंचकर असहाय जैसी हो गई क्योंकि वकीलों के दल ने फरमान की अग्रिम जमानत पहले ले रखी थी।
उन्होंने आगे लिखा- वायरल गर्ल एक महीने में गर्भवती भी हो गई। ये व्यवस्था का मजाक है लेकिन जिनके मन में सवाल हैं, वो देख लें कि कट्टरपंथियों का नेटवर्क कितना शातिर और मजबूत है, जिसके सामने सिस्टम फेल हो रहे हैं। पैसा, पावर और षड्यंत्र हर तरह से जिहादी की मदद कर रहे हैं और सनातनी मुझसे पूछ रहे हैं कि मैं परेशान क्यों हूं?
बता दूं कि मेरा डेढ़ साल का जीवन, कई करोड़ रुपए, 2 महीने की जेल और मानसिक पीड़ा ‘द डायरी ऑफ मणिपुर’ से जुड़ी है। साथ ही करोड़ों हिंदू जनभावनाओं को आघात पहुंचा है, जिसकी भरपाई कोई नहीं कर सकता।



