भोपालमध्य प्रदेश

नीट (NEET) परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक मामले को लेकर NSUI का उग्र प्रदर्शन:दिग्विजय-जीतू समेत कई नेता शामिल, पुलिस वॉटर कैनन चलाकर कार्यकर्ताओं को सीएम हाउस जाने से रोक रही

नीट (NEET) परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक मामले को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) ने शुक्रवार को राजधानी भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद एनएसयूआई और कांग्रेस कार्यकर्ता सीएम हाउस घेराव के लिए निकले, जिन्हें पुलिस ने रेडक्रॉस चौराहे पर बैरिकेडिंग कर रोक लिया।

पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बार-बार समझाने का प्रयास किया, लेकिन कार्यकर्ता आगे बढ़ने पर अड़े रहे। इस दौरान एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ समेत कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए पांच बार वॉटर कैनन चलाए, इसके बावजूद कार्यकर्ता पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ लगातार बैरिकेडिंग पर चढ़ने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि पुलिस उन्हें रोकने के लिए बार-बार वॉटर कैनन चला रही है।

प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, पूर्व मंत्री पीसी शर्मा, सुखदेव पांसे, कमलेश्वर पटेल और एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।

पीसीसी कार्यालय के बाहर भारी पुलिस बल तैनात

एनएसयूआई के प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर नजर आया। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के चारों ओर बैरिकेडिंग की गई। रेडक्रॉस चौराहे पर बड़ी संख्या में पुलिस बल, वॉटर कैनन और सुरक्षा जवान तैनात किए गए।

मंच पर चढ़े कार्यकर्ताओं को नीचे उतरने के निर्देश

प्रदर्शन के दौरान मंच पर बड़ी संख्या में एनएसयूआई कार्यकर्ता चढ़ गए, जिस पर जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं को नीचे उतरने के निर्देश दिए। वहीं कमलेश्वर पटेल ने भी मंच पर मौजूद कार्यकर्ताओं से नीचे उतरने और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह को सम्मानपूर्वक मंच तक लाने की अपील की।

हंगामा देख मंच पर नहीं गए दिग्विजय सिंह

प्रदर्शन के दौरान मंच के आसपास अफरा-तफरी और हंगामे जैसी स्थिति बनने पर दिग्विजय सिंह ने मंच पर जाने से इनकार कर दिया। बाद में नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें सम्मानपूर्वक मंच तक पहुंचाया।

दिग्विजय सिंह बोले- शिक्षा मंत्री दें इस्तीफा

प्रदर्शन के दौरान दिग्विजय सिंह ने कहा कि NEET परीक्षा में हुई कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

छात्रों के समर्थन में सड़क पर उतरी कांग्रेस

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों ने देश की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।

विरोध-प्रदर्शन की तस्वीरें देखिए…

प्रदर्शन में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह शामिल होने पहुंचे।
प्रदर्शन में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह शामिल होने पहुंचे।
भीड़ देख पूर्व सीएम ने मंच पर जाने से इंकार कर दिया।
भीड़ देख पूर्व सीएम ने मंच पर जाने से इंकार कर दिया।
पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने कार्यकर्ताओं को मंच से नीचे उतारा।
पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने कार्यकर्ताओं को मंच से नीचे उतारा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button