झारखंडरांची

बिना सूचना ‘जारी’ हुआ मैट्रिक रिजल्ट:फिर झारखंड एकेडमिक काउंसिल की साइट से हुआ गायब, JAC की व्यवस्था पर उठे सवाल

बिना किसी आधिकारिक घोषणा के झारखंड में मैट्रिक परीक्षा का रिजल्ट ऑनलाइन दिखने से पूरे राज्य में हड़कंप मच गया। झारखंड एकेडमिक काउंसिल की ओर से न तो कोई नोटिस जारी किया गया था और न ही रिजल्ट प्रकाशन की तिथि घोषित की गई थी। इसके बावजूद jacresults.com वेबसाइट पर रोल कोड और रोल नंबर डालते ही रिजल्ट दिखने लगा।

कई विद्यार्थियों ने अपना रिजल्ट डाउनलोड भी कर लिया। लोहरदगा जिले के कुडू और कैरो प्रखंड के स्कूलों में तो कुछ स्थानों पर टॉपर सूची तक जारी कर दी गई। अचानक आए इस रिजल्ट ने छात्रों और अभिभावकों को असमंजस में डाल दिया।

इस तरह का रिजल्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

कुछ देर बाद वेबसाइट में आया एरर, बढ़ी परेशानी

रिजल्ट जारी होने की जानकारी वायरल होने के कुछ देर बाद ही वेबसाइट में एरर आने लगा और रिजल्ट दिखना बंद हो गया। इससे छात्रों की परेशानी और बढ़ गई। कई छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर जानकारी लेने का प्रयास किया।

तब स्पष्ट हुआ कि बोर्ड की ओर से अभी मैट्रिक का रिजल्ट जारी ही नहीं किया गया है। आधिकारिक वेबसाइट पर भी रिजल्ट से संबंधित कोई अपडेट नहीं था। इस स्थिति ने पूरे मामले को और संदिग्ध बना दिया। छात्रों के बीच भ्रम की स्थिति उत्पन्न कर दी।

सोशल मीडिया पर वायरल हुए मार्कशीट के स्क्रीनशॉट

इधर, कई छात्रों ने सोशल मीडिया पर अपनी मार्कशीट के स्क्रीनशॉट साझा किए, जिसमें नाम, रोल नंबर, माता-पिता का नाम और विषयवार अंक अंकित थे। स्क्रीनशॉट में ‘Annual Secondary Exam 2026’ भी स्पष्ट रूप से दर्ज था।

इससे यह सवाल उठने लगा कि यदि रिजल्ट आधिकारिक रूप से जारी नहीं हुआ, तो इतनी विस्तृत जानकारी कैसे सामने आई। देर रात लिंक सक्रिय होने और सुबह तक रिजल्ट दिखने के बाद अचानक उसे हटाए जाने से तकनीकी गड़बड़ी या किसी अन्य कारण की आशंका जताई जा रही है।

साइबर सुरक्षा और कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

पूरे घटनाक्रम ने बोर्ड की साइबर सुरक्षा और कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं। अब तक बोर्ड अध्यक्ष, सचिव या आईटी सेल की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जैक बोर्ड से जुड़े लोगों ने बताया कि यह तकनीकी त्रुटि या साइबर हस्तक्षेप का मामला हो सकता है। फिलहाल छात्र असमंजस में हैं कि जो रिजल्ट उन्होंने देखा, वह सही था या नहीं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button