ईद पर खूनी संघर्ष, 2 सगे भाइयों की हत्या:मेरठ में 5 की हालत गंभीर; लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले
मेरठ में शनिवार रात मामूली कहासुनी को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले। इसमें दो सगे भाइयों की हत्या हो गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। मरने वाले दोनों ग्राम प्रधान के भाई हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वारदात के बाद से गांव में तनाव है।
बताया जा रहा है कि जुआ खेलने के दौरान झगड़ा हो गया। इसके बाद दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। मौके पर 3 थानों की पुलिस फोर्स मौजूद है। एसएसपी अविनाश पांडेय भी मौके पर पहुंच गए हैं। मामला सरधना के गांव मेहरमती गणेशपुर का है।



अब जानिए पूरा मामला
मेहरमती गणेशपुर में छोटा कब्रिस्तान के पास खेत में गांव के ही दो पक्ष जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनमें पहले नोकझोंक हुई। फिर खूनी संघर्ष हो गया। एक पक्ष ग्राम प्रधान सईदु का बताया जा रहा है। जिनमें खुद प्रधान सईदु (50) के भाई सईमुद्दीन (48) और भूरा (38) शामिल हैं। दूसरे पक्ष में चुन्नू (30) शामिल है। मारपीट में प्रधान के दोनों भाइयों भूरा और सईमुद्दीन की मौत हो गई है।
एक ही कुनबे के बताए जा रहे दोनों पक्ष थाना प्रभारी दिनेश प्रताप सिंह ने बताया- दोनों पक्षों में पहले गाली-गलौज शुरू हुआ, फिर नोकझोंक होने लगी। देखते ही देखते मामला मारपीट तक पहुंच गया। इसके बाद दोनों पक्षों ने अपने-अपने लोगों को वहां बुला लिया। मामला इतना बड़ा की लाठी-डंडों के अलावा धारदार हथियार भी चलने लगे। इससे कई लोग घायल हो गए।

घायलों को सीएचसी लेकर भागे घरवाले करीब 15 मिनट तक दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले, जिनमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घरवाले कुछ ग्रामीणों के साथ सभी घायलों को उठाकर अस्पताल की ओर भागे। यहां से कई लोगों की हालत गंभीर होने से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में भूरा और सईमुद्दीन को मृत घोषित कर दिया गया।
एसएसपी और एसपी देहात पहुंचे गांव सूचना मिलते ही एसएसपी अविनाश पांडे और एसपी देहात अभिजीत कुमार गांव पहुंचे। उन्होंने वारदात वाली जगह का निरीक्षण किया। गांव के लोगों से भी बात की। फिलहाल सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है। 5 घायलों की हालत गंभीर बनी है।



