छात्र पर बरसाए डंडे…दर्द से वह चीखता रहा;उज्जैन में राष्ट्रीय वेदविद्या संस्थान के वार्डन ने पीटा; दूसरे के बिस्तर पर सोया था
उज्जैन में महर्षि सांदीपनी राष्ट्रीय वेदविद्या संस्थान में एक टीचर ने छात्र को डंडे से बेरहमी से पीटा। इस दौरान छात्र दर्द से चीखता रहा, लेकिन टीचर लगातार उसे मारता रहा। घटना का वीडियो शनिवार को सामने आया है। बताया जा रहा है कि वह छात्र को दूसरे के बिस्तर पर सोने की बात पर पीट रहा था।
वीडियो चिंतामन गणेश मंदिर रोड स्थित परिसर के एक कमरे का बताया जा रहा है। इसमें आरोपी टीचर दत्तदास शेवड़े छात्र से सवाल-जवाब करते हुए उस पर छड़ी बरसाता दिख रहा है। आरोपी सामवेद राणायनी शाखा में पदस्थ है और उसके पास वार्डन की भी जिम्मेदारी है।
देखिए तीन तस्वीरें
कमरे में मौजूद शख्स ने बनाया VIDEO
घटना के दौरान उसी कमरे में मौजूद किसी व्यक्ति ने यह वीडियो रिकॉर्ड किया। शनिवार को वीडियो सामने आते ही मामला तेजी से फैल गया। वीडियो वायरल होने के बाद भी संस्थान की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। छुट्टी होने के कारण प्रबंधन से संपर्क नहीं हो सका।

देशभर से आते हैं छात्र, सख्त दिनचर्या
यह प्रतिष्ठान भारत सरकार के अधीन संचालित आवासीय संस्थान है, जहां वैदिक शिक्षा दी जाती है। देशभर से छात्र यहां अध्ययन के लिए आते हैं और परिसर में ही रहते हैं। छात्रों के लिए ब्रह्म मुहूर्त में उठना, संध्यावंदन करना और अनुशासन का सख्ती से पालन अनिवार्य होता है। इसकी जिम्मेदारी वार्डन और शिक्षकों पर होती है।


