मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली;कई जिलों में बारिश, ओले गिरे:गेहूं-संतरे की फसल को नुकसान; खरगोन में बिजली गिरने से महिला की मौत

मध्य प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पांढुर्णा और बैतूल में ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हुआ, जबकि खरगोन में आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। इधर, उज्जैन और रतलाम समेत कई शहरों में बारिश दर्ज की गई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है।
खरगोन जिले के झिरन्या क्षेत्र के करानिया गांव में गुरुवार सुबह खेत पर काम कर रही 55 वर्षीय महिला उंदरीबाई पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मौसम विभाग ने 33 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है, वहीं रात में जबलपुर, धार और छिंदवाड़ा में ओले गिरने और बिजली चमकने की चेतावनी दी गई है।

उधर, मैहर के अमरपाटन क्षेत्र में दोपहर बाद तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। करीब 10 से 15 मिनट की बारिश से सड़कों पर पानी बहने लगा और बाजार में अफरातफरी का माहौल बन गया। वहीं बैतूल जिले के मुलताई में बारिश के साथ ओले गिरे, जिससे फसलों को नुकसान की आशंका है।
पांढुर्णा में गेहूं-संतरे की फसलों को नुकसान
पांढुर्णा जिले के बुचनखापा गांव में गुरुवार शाम करीब 35 मिनट तक तेज ओलावृष्टि और बारिश हुई। गेहूं की खड़ी फसल को भारी नुकसान पहुंचा, जबकि संतरे के बागानों में फल झड़ गए। किसानों ने प्रशासन से सर्वे और मुआवजे की मांग की है।



इन जिलों में रात के लिए नया अलर्ट मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों में धार के मांडू, छिंदवाड़ा और जबलपुर के भेड़ाघाट इलाके में आकाशीय बिजली चमकने और ओले गिरने की संभावना है। वहीं मैहर, रीवा, मुरैना, खरगोन, अलीराजपुर, रतलाम, इंदौर, झाबुआ, बड़वानी, उज्जैन समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
33 जिलों में अलर्ट, तेज हवाएं भी चलेंगी भोपाल, इंदौर और ग्वालियर समेत 33 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। सिवनी, मंडला और बालाघाट में ओले गिरने की चेतावनी है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले तीन दिन तक 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
बदलते मौसम के कारण कई जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और हल्की ठंडक महसूस हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार 19 और 20 मार्च को असर सबसे ज्यादा रहेगा, जबकि 22 मार्च से मौसम साफ होने लगेगा।
मार्च में पहली बार ओले, किसानों की बढ़ी चिंता
इस सीजन में मार्च महीने में पहली बार ओले गिरने का अनुमान है। खासतौर पर सिवनी, मंडला और बालाघाट में दो दिन तक ओलावृष्टि के आसार हैं। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि फसलों को नुकसान होने की आशंका है।


