राजस्थान के ड्राइवर की MP में पीट-पीट कर हत्या:ट्रक से पानी के छींटे गिरे, बाइक सवारों ने समझा थूका; पीछा कर लाठी-टामी से पीटा

राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले के दो सगे ट्रक ड्राइवर भाइयों के साथ रतलाम में मारपीट का मामला सामने आया है। इसमें एक भाई की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल है। दोनों महाराष्ट्र से अलग-अलग ट्रकों में पपीता और कपास लेकर राजस्थान जा रहे थे। रास्ते में ट्रक से उड़े पानी के छींटों को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। घटना बुधवार देर रात बिलपांक थाना क्षेत्र में हुई। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसमें दोनों पक्ष मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं।

पानी के छींटों को थूक समझा
जानकारी के अनुसार, चित्तौड़गढ़ जिले के छोटी सादड़ी क्षेत्र के रहने वाले उदयसिंह तंवर (42) पपीता से भरा ट्रक लेकर महाराष्ट्र से निकले थे। वहीं उनके छोटे भाई भगवानसिंह तंवर (39) कपास से भरा ट्रक लेकर खंडवा के सनावद से रवाना हुए थे। दोनों की मुलाकात मानपुर में हुई, जिसके बाद वे साथ-साथ ट्रकों से राजस्थान की ओर निकल गए। उदयसिंह ट्रक में पपीता लेकर राजस्थान के पुष्कर जा रहा था। वहीं छोटा भाई भगवानसिंह कपास लेकर भीलवाड़ा जा रहा था।
रतलाम के पास फोरलेन पर चलते समय आगे चल रहे पपीते से भरे ट्रक से पानी के छींटे पीछे आ रहे बाइक सवारों पर पड़े। बाइक सवारों ने इसे थूकना समझ लिया और ट्रक को रोकने की कोशिश की, लेकिन ड्राइवर नहीं रुका।

होटल पर रोककर की मारपीट
कुछ दूरी पर चिकलिया टोल नाके के पहले एक होटल पर ट्रक रुका। पीछे आ रहे बाइक सवार भी वहां पहुंच गए और विवाद शुरू हो गया। इसी दौरान छोटा भाई भगवानसिंह भी वहां पहुंचा। विवाद बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गया।
बताया जा रहा है कि बाइक सवारों ने अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। इसके बाद दोनों भाइयों पर लाठी और टॉमी से हमला किया गया। इस हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान एक भाई की मौत
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। इलाज के दौरान भगवानसिंह की मौत हो गई, जबकि बड़े भाई उदयसिंह घायल हैं।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 8 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। इनमें से 7 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि एक आरोपी इलाज के लिए अहमदाबाद भेजा गया है।
मृतक की तीन बेटियां मृतक की तीन बेटिया है। जिनमें बड़ी बेटी 7, दूसरी 4 व सबसे छोटी 2 साल की है। पत्नी का नाम बीना कुंवर है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन रतलाम पहुंचे। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसे वे दोपहर में राजस्थान ले गए। घायल भाई को भी साथ ले जाया गया है।
पुलिस के अनुसार, पूरे मामले की जांच जारी है और घटना में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। मामले में पुलिस ने 8 लोगों पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। जिनमें भरत, रोहित, सूरज और इनके पांच अन्य साथी हैं।


