मध्य प्रदेश

भाजपा नेता समेत 3 की मौत:उज्जैन में आधे घंटे तक गाड़ी में फंसे रहे घायल; दर्शन करने सांवरिया सेठ जा रहे थे

उज्जैन में तेज रफ्तार स्विफ्ट कार और आयशर ट्रक की टक्कर में भाजपा नेता समेत तीन लोगों की मौत हो गई। एक गंभीर घायल है। घायल और शव करीब आधे घंटे तक दुर्घटनाग्रस्त कार में ही फंसे रहे। मौके पर इकट्‌ठा हुए लोगों ने गेट तोड़कर उनको बाहर निकाला।

हादसा उज्जैन-नागदा रोड पर उन्हेल टोल नाके से 5 किलोमीटर पहले गोयला बुजुर्ग गांव में मंगलवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे हुआ। कार में आगे की सीट पर बैठे उज्जैन भाजपा के जीवाजी गंज मंडल उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा उर्फ रिंकू और देवेंद्र जोशी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पीछे बैठे सुरेश नवलानी और प्रवेश मारोठिया गंभीर घायल हो गए। बाद में सुरेश नवलानी की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

भाजपा नेता शर्मा और उनके साथी कार से राजस्थान के चित्तौड़गढ़ जिले में सांवरिया सेठ मंदिर के दर्शन करने जा रहे थे। इसी दौरान हादसे का शिकार हो गए।

हादसे में कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने गेट तोड़कर घायलों और शवों को निकाला।

सीपीआर देने के बावजूद नहीं बची जान

प्रत्यक्षदर्शी नंद कुमार मिश्रा ने बताया कि वे ग्रेसिम कंपनी में इंजीनियर हैं। मंगलवार को नागदा से उज्जैन आ रहे थे। रास्ते में 20-25 गाड़ियां खड़ी दिखीं। रुके तो पता लगा कि एक्सीडेंट हुआ है। चार लोग सड़क पर पड़े थे।

इनमें से एक की सांसें चलती दिखाई दीं। मिश्रा ने तुरंत सीपीआर देना शुरू किया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। इसी दौरान एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। इससे एक घायल को ग्लोबल अस्पताल भेजा गया।

दूसरे घायल की स्थिति नाजुक होने के कारण मिश्रा ने उसे अपनी कार में बैठाया। उज्जैन लाकर अवंती अस्पताल में भर्ती कराया।

हादसे के बाद भाग निकला ट्रक ड्राइवर

एडिशनल एसपी आलोक शर्मा ने कहा- हादसा भैरूगढ़ थाना इलाके के गोयला बुजुर्ग गांव में हुआ। आयशर को जब्त कर लिया गया है। ड्राइवर फरार है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button