मां ने 3-बेटों के साथ मिलकर युवक को मारी कुल्हाड़ी

बाड़मेर में युवती को भगाकर ले जाने से नाराज परिजनों ने युवक पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। युवक के सिर, गर्दन और माथे पर चोटें आई है।
युवक अपने भाई के साथ बाजार जा रहा था। इसी दौरान लड़की के 3 भाई और उनकी मां ने युवक पर हमला कर दिया।
इसके बाद युवक को अपने घर ले जाकर पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लिया है।
घटना के 5 घंटे बाद पुलिस ने आरोपियों के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया। बाउंड्री वॉल और केबिन को ढहा दिया।

घटना शनिवार दोपहर 1:30 बजे की है। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को एम्स जोधपुर रेफर किया गया है।
4 महीने पहले घर से भागे थे
एसपी नरेंद्र मीणा ने बताया- मामले में 4 महीने पहले एक समाज विशेष की युवती और युवक अपनी मर्जी से भाग गए थे। दोनों वापस लौट आए और अपने-अपने घर पर रह रहे थे। शनिवार को युवक अपने भाई के साथ बाजार जा रहा था। इसी दौरान लड़की के 3 भाई और मां ने उसे रोककर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। उसे घर ले जा कर भी पीटा। आसपास के लोगों ने जिला हॉस्पिटल पहुंचाया।
आरोपियों के बाउंड्रीवॉल और केबिन पर चला बुलडोजर
घटना के बाद डीएसपी रमेश कुमार शर्मा, एएसपी नितेश आर्य समेत पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची। मां और तीनों बेटों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
एडीएम राजेंद्र सिंह चांदावत ने बताया- आरोपियों ने सड़क की जमीन पर अतिक्रमण कर बाउंड्री वॉल बना रखा था। जिसे बुलडोजर से गिरा दिया गया। वहीं पर बने एक केबिन भी हटाया है।



