इंदौर में सनातन प्रीमियर लीग का उद्घाटन;मोनालिसा के ‘लवजिहाद’ सवाल पर माइक हटाकर निकले देवकीनंदन ठाकुर:बोले-‘आज सिर्फ खेल’

देश में सनातन की मुखर आवाज उठाने वाले कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर इन दिनों इंदौर में हैं। मौका है ‘सनातन प्रीमियर लीग’ (SPL) का।
खेल के जरिए युवाओं को जोड़ने का दावा करने वाले देवकीनंदन ठाकुर से जब क्रिकेट पर बात की, तो बड़े-बड़े ‘शॉट्स’ लगाए, लेकिन जैसे ही सवाल प्रयागराज के कुंभ में वायरल हुईं खरगोन की मोनालिसा और ‘लव जिहाद’ जैसे चर्चित मुद्दे पर आया, तो वे डिफेंसिव हो गए।
सनातन बचाने की हुंकार भरने वाले महाराज कैमरे के सामने इस विवादित सवाल से बचकर निकलते नजर आए। पढ़िए दैनिक भास्कर से देवकीनंदन ठाकुर की बातचीत।
एजेंडा एक ही, युवाओं के हाथ में हो डंडा और झंडा
इंदौर में शुरू हुई इस अनूठी क्रिकेट लीग को लेकर देवकीनंदन ठाकुर बेहद उत्साहित दिखे। जब उनसे पूछा गया कि इस पूरी लीग का मुख्य उद्देश्य या एजेंडा क्या है, तो उन्होंने अपने चिर-परिचित अंदाज में कहा
मेरा एक ही एजेंडा है। युवाओं को मिल जाए डंडा और झंडा। हर युवा चाहता है कि उसका करियर उसकी पसंद के क्षेत्र में बने। हमारा मकसद इन बच्चों का करियर बनाना है।

महाराज का इशारा साफ था कि वे खेल के मैदान के जरिए युवाओं में धार्मिक गौरव और शारीरिक मजबूती (अनुशासन) दोनों भरना चाहते हैं।

नि:शुल्क ट्रायल और ‘जीरो’ बजट सिलेक्शन
अक्सर खेल लीगों में भारी भरकम फीस और सिलेक्शन के नाम पर वसूली की खबरें आती हैं, लेकिन देवकी नंदन ठाकुर ने दावा किया कि यह लीग पूरी तरह सेवा भाव से प्रेरित है। उन्होंने बताया…
- सिलेक्शन प्रोसेस – देश के 8 अलग-अलग शहरों में नि:शुल्क ट्रायल आयोजित किए गए।
- खिलाड़ी – पूरे देश से 125 प्रतिभावान बच्चों को चुना गया है, जिन्हें 8 टीमों में बांटा गया है।
- प्रसारण – इन खिलाड़ियों को ‘भारत दर्शन’ और ‘OTT’ जैसे प्लेटफॉर्म्स पर दिखाया जाएगा ताकि उन्हें पहचान मिले।
- खास बात – खिलाड़ियों से ‘चवन्नी’ भी चार्ज नहीं की गई है। उन्हें संतों का आशीर्वाद और पूर्व क्रिकेटरों का अनुभव एक साथ मिलेगा।



