प्रयागराज महाकुंभ-2025 से वायरल हुई माला बेचने वाली मोनालिसा भोसले ने केरल में फरमान खान के साथ शादी कर ली

प्रयागराज महाकुंभ-2025 से वायरल हुई माला बेचने वाली मोनालिसा भोसले ने केरल में फरमान खान के साथ शादी कर ली है। एक वीडियो सामने आया है, जो एक मंदिर का है। मोनालिसा ने लाल रंग की साड़ी पहनी थी। उन्होंने फरमान के साथ मंदिर में दर्शन किए। हालांकि यह रिश्ता मोनालिसा के परिवार को मंजूर नहीं है।
मोनालिसा ने अपने परिवार से ही अपनी जान को खतरा बताया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोनालिसा ने 9 मार्च को केरल पुलिस से सुरक्षा की मांग की। पुलिस से कहा- वह फरमान के साथ रहना चाहती हैं। अलग-अलग धर्म से होने के कारण परिवार की तरफ से उन पर दबाव बनाया जा रहा है।

डायरेक्टर सनोज मिश्रा बोले- मोनालिसा लव जिहाद की शिकार हुई फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने कहा, मोनालिसा लव जिहाद का शिकार हो गई है। मोनालिसा के लिए एक टीचर रखा था और वह टीचर ही दगाबाज निकला है।
सनोज ने बताया कि टीचर ने ही फरमान से मोनालिसा का संपर्क कराया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फरमान उन लोगों से मिला है, जिन्होंने उन्हें जेल भिजवाया था। इस घटना के बाद से वह डिप्रेशन में हैं। उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही वह इस संबंध में मीडिया के सामने पूरी बात रखेंगे। उन्होंने बताया कि फरमान महाराष्ट का रहने वाला है और खुद को एक्टर बताता है।
मोनालिसा अपनी डेब्यू फिल्म “द डायरी ऑफ मणिपुर” की शूटिंग के लिए केरल गई थी। यह फिल्म सनोज मिश्रा बना रहे हैं और इसमें अभिनेता अमित राव मुख्य भूमिका में हैं।

मोनालिसा बोलीं- हम डेढ़ साल से रिलेशनशिप में मोनालिसा ने पुलिस को बताया कि वह और फरमान करीब डेढ़ साल से रिलेशनशिप में हैं। दोनों की मुलाकात फेसबुक के जरिए हुई थी। परिवार के कड़े विरोध के डर से दोनों केरल चले गए, ताकि सुरक्षित रह सकें।
एर्नाकुलम में हुआ विवाद रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोनालिसा और उनके पिता जयसिंह भोसले के बीच एर्नाकुलम में विवाद हुआ था। इसके बाद मोनालिसा, फरमान के साथ ट्रेन से तिरुअनंतपुरम पहुंचीं और पुलिस से मदद मांगी। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके पिता धमकी दे रहे हैं, हालांकि वह अपने पिता के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराना चाहती।
पुलिस ने जब मोनालिसा के दस्तावेजों की जांच की तो वह बालिग पाई गईं। इसके बाद उनके पिता को भी थाने बुलाया गया, लेकिन कानून के अनुसार बालिग होने के कारण पुलिस ने उन्हें अपने फैसले के मुताबिक जाने की अनुमति दे दी।



