केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर 60 रुपए महंगा कर दिया;भोपाल में 918, इंदौर में 941 में मिलेगा; कीमत में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन

केंद्र सरकार ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर 60 रुपए महंगा कर दिया है। वहीं, 19 KG वाले कॉमर्शियल सिलेंडर के दाम में 115 रुपए का इजाफा किया गया है। बढ़ी हुई कीमतें आज 7 मार्च से ही लागू हो गई हैं।
मध्य प्रदेश के 5 बड़े शहरों की बात करें तो अब भोपाल में 918 रुपए, इंदौर में 941 रुपए, ग्वालियर में 996 रुपए, जबलपुर में 919 रुपए और उज्जैन में 972 रुपए में एलपीजी सिलेंडर मिलेगा।
इससे पहले 8 अप्रैल 2025 को घरेलू एलपीजी सिलेंडर के रेट बढ़ाए गए थे। हालांकि, 8 मार्च 2024 को महिला दिवस पर केंद्र सरकार ने इसके दाम में 100 रुपए की कटौती भी की थी।

एलपीजी सिलेंडर के दाम में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस ने भोपाल में प्रदर्शन किया। रोशनपुरा चौराहे पर महंगाई का इंजेक्शन लिखे पोस्टर के साथ विरोध जताया। महिला कार्यकर्ताओं ने कहा- घर की शुरुआत ही चूल्हे से होती है और लगातार बढ़ती गैस की कीमतों ने घरेलू बजट बिगाड़ दिया है।
उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की है कि गैस सिलेंडर के दाम जल्द से जल्द कम किए जाएं। यदि ऐसा नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इधर, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने ट्वीट किया, 56 इंच की छाती वाले प्रधानमंत्री ने घरेलू LPG सिलेंडर पर 60 रुपये बढ़ा दिए हैं। कल भारत के पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने कहा था, “हमारी प्राथमिकता है कि हमारे नागरिकों को सस्ता और टिकाऊ ईंधन उपलब्ध कराया जाए, और हम इसे आराम से सुनिश्चित कर रहे हैं।”
आज घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत ₹60 और कमर्शियल सिलेंडर की कीमत ₹115 बढ़ा दी गई है। इजराइल और अमेरिका के आगे नतमस्तक नरेंद्र मोदी के चलते आज पूरा देश इसकी कीमत चुका रहा है।
इसी महीने बढ़े थे कॉमर्शियल गैस के रेट
इससे पहले 1 मार्च 2026 को कॉमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम 31 रुपए तक बढ़ाए गए थे। अब घरेलू गैस सिलेंडर के रेट भी बढ़ गए हैं। सरकार ने एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी ऐसे वक्त की है, जब अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग के चलते देश में गैस किल्लत की आशंका जताई जा रही है।


