मध्य प्रदेश

मंडला जिले मेंबच्चा-चोर अफवाह पर पिटाई करने वाले 3 आरोपी किए गिरफ्तार:बाल कल्याण समिति ने भी लिया संज्ञान, जांच जारी

मंडला जिले के बिछिया थाना क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा में बच्चा चोर की अफवाह के चलते एक बालक की पिटाई के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई बरखेड़ा सरपंच थानसिंह उइके की शिकायत पर की गई। घटना का वीडियो 3 फरवरी को वायरल होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लिया था।

शिकायत के अनुसार, 26 फरवरी को बरखेड़ा निवासी रामदयाल उइके, मदन उइके उर्फ पोचा और कमल उइके ने गांव में घूम रहे एक मानसिक रूप से अस्वस्थ बालक को बच्चा चोर समझ लिया था। आरोप है कि तीनों ने बालक के हाथ-पैर बांधकर पंचायत भवन के सामने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।

सरपंच ने घटना का वीडियो सीडी के रूप में पुलिस को सौंपकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। बिछिया पुलिस ने 3 मार्च को तीनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 127(2), 296(ए), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि 26 फरवरी को ही ग्रामीणों ने बच्चा चोर की अफवाह पर इस अज्ञात बालक की पिटाई की थी। पुलिस ने बालक को ग्रामीणों से छुड़ाकर बिछिया अस्पताल में भर्ती कराया था। हालांकि, वह बालक अस्पताल से लापता हो गया और 27 फरवरी को एक सड़क दुर्घटना में उसकी मृत्यु की सूचना मिली।

जिला बाल कल्याण समिति ने भी इस मामले का संज्ञान लिया है। समिति अध्यक्ष डॉ. गजेंद्र गुप्ता ने बताया कि मीडिया में खबर आने के बाद महिला सुरक्षा शाखा और पुलिस अधिकारियों से समन्वय कर जानकारी जुटाई गई है। उन्होंने कहा कि जिले में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन के साथ मिलकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बालक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले का निवासी था। उसके परिवार की पहचान कर ली गई है। मृतक बालक का पोस्टमार्टम हो चुका है और रिपोर्ट का इंतजार है। सड़क दुर्घटना में मृत्यु की आशंका के चलते हिट एंड रन का मामला भी दर्ज किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button