सेल्फ हेल्प किताबों से:काम करें, परिणाम के बारे में ज्यादा मत सोचें

जानिये किताबों से, आखिर क्यों हम अक्सर अपने काम का आनंद लेना ही भूल जाते हैं…
हर छोटे प्रयास को सीखने का अवसर मानें अक्सर हम किसी काम को करते समय उसके परिणाम के बारे में इतना सोचते हैं कि प्रक्रिया का आनंद लेना भूल जाते हैं। जब आपका ध्यान इस पर रहता है कि आपको क्या हासिल करना है, तो हर छोटी गलती परेशान करती है। लेकिन जब आप हर छोटे प्रयास को सीखने का एक अवसर मानते हैं, तो बिना दबाव के आगे बढ़ते हैं। धीरे-धीरे किया गया नियमित अभ्यास आपको बेहतर बनाता है। (द प्रैक्टिसिंग माइंड -थॉमस एम स्टर्नर)
हर समस्या के पीछे एक नया रास्ता छिपा होता है जीवन में आने वाली बाधाएं रुकावट नहीं होतीं, वे हमें कुछ नया सिखाने का मौका देती हैं। जब हम कठिनाइयों से बचने की कोशिश करते हैं, तो हम अपने विकास का अवसर खो देते हैं। लेकिन जब हम उन्हीं चुनौतियों का सामना करते हैं, तो धीरे-धीरे हमारी सोच और हमारी क्षमता दोनों मजबूत होती हैं। हर समस्या के भीतर एक नया रास्ता छिपा होता है, जो हमें आगे बढ़ने की दिशा दिखाता है। (द ऑब्स्टेकल इज द वे -राएन हॉलिडे)
एक समय में केवल एक जरूरी काम पर ध्यान दें जब आप एक साथ कई काम करने की कोशिश करने लगते हैं, तो आपकी ऊर्जा और ध्यान दोनों बंट जाते हैं। इससे आपके काम की गुणवत्ता पर भी असर पड़ सकता है। लेकिन जब आप एक समय में केवल एक ही महत्वपूर्ण काम पर ध्यान केंद्रित करते हैं, तो आपकी क्षमता कई दर्जे तक बढ़ जाती है। सही काम को पहचान कर उस पर पूरा ध्यान देना ही सफलता की दिशा में प्रभावी कदम है। (द वन थिंग -गैरी केलर)
हर संघर्ष से कुछ सीखते हुए फिर से आगे बढ़ें मजबूत बनने का मतलब यह नहीं है कि आप कभी असफल नहीं हो सकते। असली ताकत यह है कि आप असफलता के बाद खुद को संभालना सीख जाते हैं। जीवन में कठिन समय हर किसी के सामने आता है, लेकिन वही समय आपको मानसिक रूप से मजबूत बना देता है। जब आप हर संघर्ष से कुछ सीखते हैं और फिर से आगे बढ़ते हैं, तो आप पहले से ज्यादा मजबूत व आत्मविश्वासी बन जाते हैं। (रेजिलियंस -एरिक ग्रेटेंस)

