मध्य प्रदेश

30 फीट गहरे तालाब में गिरी कार…3 बारातियों की मौत:विदिशा में 7 घायल, इनमें से 3 भोपाल रेफर; घायल बोला- अचानक रोड खत्म हो गई

मध्यप्रदेश के विदिशा में गुरुवार देर रात बारातियों से भरी तेज रफ्तार टवेरा कार सूखे तालाब में जा गिरी। हादसे में 3 बारातियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हैं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक गैरतगंज से जाफरखेड़ी निवासी दशरथ सिंह के यहां बारात आ रही थी। टवेरा कार में कुल 10 लोग सवार थे। गाड़ी तेज रफ्तार में थी। अंधेरा होने के कारण ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। कार सड़क से सीधे 30 फीट गहरे सूखे तालाब में जा गिरी।

हादसे में 35 वर्षीय राजेश लोधी, 30 वर्षीय सोनू लोधी (ड्राइवर) और 35 वर्षीय चंद्रशेखर की जान गई है। वहीं घायलों में अशोक लोधी (25) का बायां हाथ फ्रैक्चर हुआ है। राज बोधी (14) के पेट में गंभीर चोट आई है। बृजेश लोधी (27) और सुदीप लोधी (20) को सीने में चोटें लगी हैं।

हादसे से जुड़ी  तस्वीरें देखिए…

बारातियों से भरी तेज रफ्तार टवेरा कार सूखे तालाब में जा गिरी।

हादसे के बाग घायलों को जिला अस्पताल लाया गया।

बारातियों के सिर और सीने में आई गंभीर चोटें। गंभीर हालत में भोपाल रेफर।

 

तीन की हालत नाजुक, भोपाल रेफर

45 वर्षीय भावसिंह लोधी और 10 वर्षीय ऋतुराज लोधी और एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। तीनों को प्राथमिक इलाज के बाद विदिशा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। देर रात तीनों की हालत बिगड़ गई। घायलों को गंभीर हालत में भोपाल रेफर किया गया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि शादी वाले घर से एक किलोमीटर दूर हुआ है। आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। निजी वाहनों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। घायल खून से सने हुए थे। किसी के माथे से तो किसी के हाथ से खून बह रहा था।

रास्ता भटक गए थे, गाड़ी कंट्रोल नहीं हो पाई

एक घायल युवक ने बताया कि रायसेन जिले के ऊसर मेटा गांव से बारात में शामिल होने विदिशा के जाफरखेड़ी जा रहे थे। गांव पहुंचने से पहले वह रास्ता भटक गए थे। सड़क सीधी थी, लेकिन अचानक रोड खत्म हो गई। गाड़ी कंट्रोल नहीं पाई और तालाब में गिर गई।

कलेक्टर ने अस्पताल में घायलों से जानकारी ली

घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर अंशुल गुप्ता जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना। घटनास्थल का निरीक्षण भी किया। एडीएम, तहसीलदार, सीएसपी, कोतवाली और सिविल लाइन थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे।

इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. अनूप वर्मा के नेतृत्व में डॉक्टर्स की टीम ने घायलों का इलाज शुरू किया। डॉ. अनूप वर्मा ने बताया कि 4 की हालत गंभीर है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

मेडिकल कॉलेज से भोपाल रेफर

मेडिकल कॉलेज में भर्ती 4 में से 3 लोगों की हालत रात में बिगड़ गई। तीनों को फौरन भोपाल के लिए रेफर किया गया है, जबकि एक घायल का इलाज डॉक्टर्स की निगरानी में मेडिकल कॉलेज में ही चल रहा है।

हालांकि, दूल्हा-दुल्हन को हादसे की जानकारी नहीं दी गई थी। दूल्हे का भाई और उनके कुछ रिश्तेदार हॉस्पिटल में थे। देर रात जब गंभीर रूप से घायल लोगों को भोपाल रेफर किया गया, तो वे व्यवस्था करने में लगे थे। कुछ रिश्तेदार घायल को लेकर भोपाल गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button