उत्तर प्रदेश

रिंकू IPL के बाद सांसद प्रिया के साथ फेरे लेंगे:काशी में होगी शादी; सियासत से बचने को गेस्ट लिस्ट छोटी बनाई

क्रिकेटर रिंकू सिंह और सपा सांसद प्रिया सरोज इसी साल जून में 7 फेरे लेंगे। दोनों की शादी काशी में होगी। परिवार ने सियासत से बचने को गेस्ट लिस्ट छोटी बनाई है।

पिछले साल 8 जून को लखनऊ में रिंकू और प्रिया की रिंग सेरेमनी हुई थी। इसके बाद नवंबर, 2025 में शादी की डेट फिक्स हुई थी। लेकिन, शादी नहीं हो पाई थी। फिर फरवरी, 2026 की तारीख तय हुई, लेकिन T-20 वर्ल्ड कप और IPL के चलते अब इसे जून के लिए शेड्यूल किया गया है।

​रिंकू के बड़े भाई सोनू सिंह ने बताया- शादी के लिए पहले 11 और 12 जून की तारीखों पर चर्चा थी। लेकिन IPL फाइनल की व्यस्तता को देखते हुए रिंकू ने नई तारीख निकलवाने को कहा है।

सोनू सिंह ने कहा- IPL, 26 मार्च से 31 मई के बीच प्रस्तावित है। जब रिंकू IPL से फ्री होंगे, तभी शहनाई बजेगी। फिलहाल शादी काशी में होगी और रिसेप्शन अलीगढ़ में रखा जाएगा।

पिछले साल 8 जून को लखनऊ में रिंकू और प्रिया की रिंग सेरेमनी हुई थी। - Dainik Bhaskar

रिंग सेरेमनी में भाजपा झंडा लगी गाड़ी पर सपा को आपत्ति हुई

8 जून 2025 को रिंग सेरेमनी में अखिलेश यादव, डिंपल यादव, जया बच्चन, शिवपाल यादव, इकरा हसन समेत 300 वीआईपी गेस्ट शामिल हुए थे। समारोह में BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, पूर्व क्रिकेटर पीयूष चावला, प्रवीण कुमार, गेंदबाज यश दयाल भी शामिल हुए थे।

दूसरी तरफ, इसी कार्यक्रम में रिंकू के संरक्षक कहे जाने वाले अर्जुन सिंह फकीरा भाजपा का झंडा लगी गाड़ी से पहुंचे थे। जिस पर सपा खेमे की ओर से कुछ आपत्ति हुई थी। इस बारे में अर्जुन सिंह फकीरा बताते हैं- मैं कार्यक्रम स्थल से बाहर गाड़ी खड़ी करके रिंग सेरेमनी में शामिल हुआ था।

इस तरह की स्थितियों को देखते हुए माना जा रहा है कि जब भी शादी समारोह हो, राजनीतिक बहसबाजी या गुटबाजी किसी विवाद का कारण न बने। इसीलिए काशी में होने वाले फेरों में सिर्फ 10-12 खास रिश्तेदारों को ही बुलाया गया है।

रिंग सेरेमनी के बाद सांसद प्रिया सरोज ने जमकर डांस किया था।

दाे बार शादी की डेट टली ​रिंकू और प्रिया की शादी का इंतजार फैंस लंबे समय से कर रहे हैं। हर बार शादी की तारीख तो निकलती है, लेकिन वह किसी न किसी कारण टल जाती है।

18 नवंबर, 2025 को पहली तारीख तय हुई, लेकिन क्रिकेट सीरीज के कारण टल गई। ​फरवरी, 2026 को दूसरी तारीख निकली, लेकिन वर्ल्ड कप के चलते कैंसिल करनी पड़ी। अब IPL के ठीक बाद शादी की तैयारी है।

ऐसे शुरू हुई रिंकू-प्रिया की लव-स्टोरी

रिंकू और प्रिया की लव स्टोरी काफी दिलचस्प है। बात करीब 2 साल पहले की है। IPL 2023 में रिंकू ने लगातार 5 छक्के लगाकर कोलकाता नाइट राइडर्स को आखिरी ओवर में जीत दिलाई थी। इसके बाद रिंकू की टीम के सीनियर क्रिकेटर्स से नजदीकियां बढ़ीं।

इसी दौरान एक सीनियर क्रिकेटर की दिल्ली में शादी हुई थी। उसी समारोह में क्रिकेटर ने रिंकू और अपनी पत्नी की दोस्त प्रिया को बुलाया था। रिंकू और प्रिया पहली बार इसी पार्टी में मिले थे। क्रिकेटर की पत्नी ने दोनों का परिचय कराया और यहीं से उनकी बातचीत शुरू हुई।

रिंकू के परिवार से जुड़े एक व्यक्ति ने बताया था कि KKR के क्रिकेटर की पत्नी और प्रिया दिल्ली यूनिवर्सिटी से साथ पढ़ी हैं। प्रिया सरोज ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से BA-एलएलबी किया है। पढ़ाई के दौरान ही दोनों की दोस्ती हुई थी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button