बैतूल में ट्रक ने बाइक सवार दंपती का मारी टक्कर:पति-पत्नी की मौत ढाई साल की बेटी घायल; ट्रक चालक मौके से फरार

बैतूल-भोपाल नेशनल हाईवे पर शनिवार रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार दंपती की मौत हो गई। यह घटना पाढर और बरेठा के बीच बांचा जोड़ के पास हुई, जहां एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दंपती की ढाई साल की बेटी घायल हो गई, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक विजय यादव (47) और उनकी पत्नी आरती यादव (40) नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर निवासी थे। वे अपनी ढाई साल की बेटी के साथ बाइक (एमपी-20 एमएक्स 4636) से इटारसी जा रहे थे। इसी दौरान भोपाल से बैतूल की ओर आ रहा ट्रक (एमएच-36 एए 2065) बांचा जोड़ की संकरी पुलिया पर बाइक से टकरा गया।
कुचलता हुआ निकला ट्रक टक्कर इतनी भीषण थी कि दंपती सड़क पर गिर गए और ट्रक उन्हें कुचलता हुआ निकल गया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। बच्ची घायल अवस्था में मिली, जिसे शाहपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलने पर जिला पंचायत सदस्य राजेंद्र कवड़े और खदारा सरपंच तारा कवड़े सहित ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए शाहपुर भेजा है और दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया है। हालांकि, ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
यह हादसा बरेठा घाट क्षेत्र की संकीर्ण पुलियाओं पर सड़क सुरक्षा के मुद्दे को फिर से सामने लाया है। हाईवे के इस हिस्से में फोरलेन निर्माण अधूरा है, और दो संकीर्ण पुलियाओं पर अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि पुलिया पर रेलिंग या मुंडेर न होने के कारण वाहन असंतुलित हो जाते हैं। उन्होंने कई बार प्रशासन से सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की है, लेकिन इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई है।


