एक दिन की सड़क…बनने के अगले दिन हाथ से उखड़ी:सीहोर की PM ग्राम सड़क योजना में घोटाला, सीएम हेल्पलाइन पर सामूहिक शिकायत

सीहोर जिले के इछावर में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत बन रही एक सड़क में भ्रष्टाचार का आरोप लगा है। ग्रामीणों का कहना है कि 4 किलोमीटर लंबी इस सड़क के निर्माण में डामर की जगह ‘काले तेल’ का उपयोग किया जा रहा है।
यह सड़क काला पीपल जागीर से लसूड़िया कांगर तक बनाई जा रही है। ग्रामीणों ने मौके पर काम का निरीक्षण किया, जिसके बाद उन्होंने निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि ठेकेदार गुणवत्ता मानकों की अनदेखी कर रहा है।
देखिए तस्वीरें


ग्रामीणों का दावा- डामर नहीं, सिर्फ काला तेल लगाया
ग्रामीणों ने धांधली के विरोध में सामूहिक रूप से सीएम हेल्पलाइन (181) पर शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि ठेकेदार और संबंधित अधिकारी कथित तौर पर मिलीभगत कर सरकारी धन का दुरुपयोग कर रहे हैं।
गांव के नेपाल पटेल ने बताया कि सड़क में डामर बिलकुल नहीं। काले तेल का उपयोग किया जा रहा है। रोड हाथ से उखड़ रहा। अभी बारिश में पूरा उखड़ जाएगा। निर्माण ठीक से कराया जाए। नहीं हुआ तो हम आंदोलन करेंगे।



