उत्तर प्रदेश

यूपी में लूट के 3-घंटे बाद दिल्ली का बदमाश ढेर:50 हजार इनामी, 90 मुकदमे; 4 महीने में 19वां एनकाउंटर

यूपी के शामली में दिल्ली का 50 हजार का इनामी बदमाश रिहान एनकाउंटर में मारा गया। मुठभेड़ से 3 घंटे पहले रिहान ने अपने साथी के साथ एक युवक से नकदी और मोबाइल फोन लूट लिए थे। इसके बाद पुलिस ने पूरे जिले में चेकिंग अभियान चलाया।

रात 12:30 बजे दोनों बदमाशों को घेर लिया गया। पुलिस ने सरेंडर करने को कहा, लेकिन आरोपियों ने फायरिंग कर दी। इसमें सिपाही सुमित को गोली लग गई। इसके बाद जवानों ने फायरिंग की। इस दौरान रिहान को गोली लग गई। वह जमीन पर गिर पड़ा। उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।

एनकाउंटर के बाद पुलिस रिहान को अस्पताल लेकर आई। जहां उसकी इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वह दिल्ली के जाकिर नगर, न्यू ओखला का रहने वाला था। उस पर 90 मुकदमे दर्ज थे। उसके पास से एक मेड इन इटली पिस्तौल, एक देसी पिस्तौल, आठ जिंदा कारतूस और सोने की अंगूठी मिली है। मुठभेड़ कोतवाली क्षेत्र के यमुना नहर के पास हुई।

यह मृतक बदमाश रिहान है। उस पर दिल्ली और यूपी में 90 मुकदमे दर्ज थे।

यह एनकाउंटर स्पॉट की तस्वीर है। पुलिस ने बदमाश के पास से एक मेड इन इटली पिस्तौल बरामद की है।

इसी बाइक से बदमाश रिहान अपने साथी के साथ भाग रहा था।

पुलिस ने बदमाश को रोका तो फायरिंग कर दी

एसपी एनपी सिंह ने बताया कि गुरुवार रात नौ बजे बाबरी क्षेत्र में रिहान ने अपने साथी के साथ लूट की थी। बदमाशों ने बाइक से जा रहे फतेहपुर निवासी राहुल को रोका। उससे नकदी और मोबाइल फोन लूट लिया और इसके बाद फरार हो गए।

राहुल ने किसी तरह इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद पूरे जिले की पुलिस को अलर्ट किया गया। जगह-जगह चेकिंग अभियान शुरू किया गया। रात 12:30 बजे कोतवाली पुलिस और आदर्श मंडी पुलिस पूर्वी यमुना नहर पर बदमाशों की तलाश कर रही थी, तभी दोनों बदमाश बाइक से आते दिखाई दिए।

पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वे नहीं रुके, बल्कि यू-टर्न लेकर भागने लगे। इसके बाद पुलिस ने पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इसमें सिपाही सुमित को गोली लग गई। इसके बाद जवानों ने फायरिंग की।

मुठभेड़ में एक सिपाही भी घायल हो गया है। जिला अस्पतला में इलाज जारी है।

35 मिनट तक चली मुठभेड़

बदमाश रिहान गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। सिपाही और बदमाश को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने बदमाश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस और बदमाशों के बीच करीब 30 से 35 मिनट तक मुठभेड़ चली।

रिहान दिल्ली, यूपी और हरियाणा में महिलाओं से चेन लूटने की घटनाओं को अंजाम देता था। रिहान पर सबसे अधिक 49 मुकदमे दिल्ली में और गाजियाबाद में 28 मुकदमे दर्ज थे। शामली, बागपत, हापुड़ और बुलंदशहर में भी लूट, चोरी और जानलेवा हमले के मुकदमे दर्ज थे। शामली, बागपत, हापुड़ और बुलंदशहर में भी लूट, चोरी और जानलेवा हमले के मुकदमे दर्ज थे।

CM ने कहा था- ‘यूपी पुलिस मारे नहीं तो क्या गोली खाए’

इससे पहले योगी ने मंगलवार को यूपी फार्मा कॉन्क्लेव 1.0 के उद्घाटन के दौरान कहा था कि 2012 से 2017 के बीच यूपी में 900 से ज्यादा दंगे हुए। ऐसे वक्त पर मुझे दायित्व सौंपा गया। हमने तय किया- जीरो टॉलरेंस। बहुत बार लोग टिप्पणी करते हैं कि पुलिस ने गोली क्यों मार दी। अगर पुलिस गोली न मारे तो क्या खाए। अगर उस अपराधी के पास गोली चलाने की आजादी है तो हमने भी पुलिस को पिस्तौल दी है।

हाईकोर्ट ने कहा था- यूपी पुलिस तारीफ- प्रमोशन के लिए एनकाउंटर कर रही

पिछले हफ्ते यूपी पुलिस के ‘हाफ एनकाउंटर’ तरीके पर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताई थी। कोर्ट ने कहा था- पुलिस अधिकारी सिर्फ तारीफ, समय से पहले प्रमोशन और सोशल मीडिया पर वाहवाही के लिए अनावश्यक रूप से गोली चला रहे हैं।

हाईकोर्ट ने 6 पॉइंट पर गाइडलाइंस जारी की थी। जस्टिस अरुण कुमार देशवाल की बेंच ने साफ चेतावनी दी थी- अगर पुलिस एनकाउंटर मामलों में सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइंस का पालन नहीं हुआ तो जिले के SP, SSP और पुलिस कमिश्नर व्यक्तिगत रूप से कोर्ट की अवमानना के दोषी माने जाएंगे।

8 साल में 259 अपराधियों को एनकाउंटर में ढेर किया

राज्य सरकार के अनुसार, मार्च 2017 से अक्टूबर 2025 तक यूपी पुलिस ने 259 अपराधियों को एनकाउंटर में ढेर किया है। इस दौरान 15,000 से अधिक पुलिस एनकाउंटर हुए, जिनमें 31,000 से ज्यादा अपराधी गिरफ्तार हुए और 10,000 से अधिक को गोली मारी गई।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button