MP के 30 और UP के 15 जिलों में कोहरा:विजिबिलिटी 50m से कम; उत्तराखंड में पाला पड़ा, बद्रीनाथ में तापमान माइनस 20°

देश के उत्तरी राज्य अगले 5 दिन में एक बार फिर दो वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से प्रभावित होंगे। पहला डिस्टरबेंस 5-6 फरवरी को एक्टिव रहेगा। इसके चलते मध्य प्रदेश का आधा हिस्सा, यूपी के 15 जिले, पंजाब-हरियाणा और चंडीगढ़, उत्तराखंड में सुबह कोहरा छाया रहा। कई जगहों पर विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम है।
जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बर्फबारी रुक गई है। लेकिन तापमान लगातार माइनस में दर्ज किया जा रहा है। उत्तराखंड में पाला पड़ा है। पाला ऐसी कंडीशन है, जब रात में तापमान बहुत गिर जाता है और हवा की नमी जमकर पौधों, घास या जमीन पर बर्फ जैसी सफेद परत बन जाती है।
वहीं राज्य में बद्रीनाथ में माइनस 20 तापमान रिकॉर्ड हुआ है। हिमाचल प्रदेश का कुकुमसेरी में माइनस 12.2° के साथ सबसे सर्द इलाका बना हुआ है।
राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार में अभी बर्फीली हवाओं से तापमान में गिरावट हो रही है। लेकिन गुजरात, महाराष्ट्र, ओडिशा, आंध्र प्रदेश में धीरे-धीरे दिन और रात का तापमान बढ़ने लगा है।
मौसम विभाग के मुताबिक 9-10 फरवरी को एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होगा जिससे पश्चिमी हिमालय में कुछ जगहों पर बारिश/बर्फबारी की आशंका है।
राज्यों में मौसम की 4 तस्वीरें…


अगले 2 दिन का मौसम
- 6 फरवरी: हिमाचल प्रदेश के चंबा, कुल्लू लाहौल स्पीति और किन्नौर जिले में हल्की बर्फबारी की वॉर्निंग दी है। शिमला, मंडी और कांगड़ा में बारिश का अलर्ट है।
- 7 फरवरी: दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश में सुबह के समय कुछ जगहों पर घना कोहरा हो सकता है। तापमान सामान्य से थोड़ा नीचे रहने का अनुमान है।


