5 साल के बच्चे को कुत्ते ने काटा, मौत:3 एंटी रैबीज वैक्सीन लगवाने के बाद भी बिगड़ी तबीयत, कुत्तों की तरह करने लगा था हरकतें

आगरा में 5 साल के बच्चे की कुत्ते की काटने से मौत हो गई। कुत्ते ने घर के बाहर खेलते समय बच्चे के सिर और चेहरे पर काट लिया था। पिता ने कहा- उसे 3 रैबीज के इंजेक्शन लगवाए गए थे, फिर भी उसकी हालत बिगड़ती गई। वह कुत्तों की तरह हरकतें करने लगा। परिवार के लोग उसे आगरा और फिर दिल्ली ले गए।
सफदरजंग अस्पताल से लौटने के बाद बच्चे की मौत हो गई। पूरा मामला पिनाहट थाना क्षेत्र के अतैयापुरा गांव की है।

कुंवर सिंह अपने परिवार के साथ पिनाहट के अतैयापुरा गांव में रहते हैं। उनके साथ उनकी पत्नी मनीषा और 3 बच्चे सुरभि (10) , मोहित (8), छोटू (5) रहते थे। कुंवर सिंह ने बताया- 9 जनवरी को मैं गांव से बाहर कुछ काम से गया था। घर पर मेरी पत्नी और बच्चे थे।
उन्होंने बताया- घर के बाहर की शाम के समय मेरा सबसे छोटा बेटा छोटू खेल रहा था। अचानक एक पागल कुत्ता आया और उसने छोटू को काटने की काेशिश की। इससे वह डर कर गिर गया। वहां कुत्ते ने उसके सिर और चेहरे पर काट लिया।
पत्नी और अन्य परिवार के लोग बच्चे को लेकर पिनाहट सीएचसी लेकर पहुंचे। पत्नी मनीषा ने कहा- वहां डॉक्टरों ने उसे नहीं देखा। पर्चा बनाकर भेज दिया। इसके बाद हम लोग उसे प्राइवेट हॉस्पिटल में ले गए। बाहर से इंजेक्शन खरीदकर लगवाया।

पिता बोले- पहले इंजेक्शन के बाद दोबारा हम सीएचसी पहुंचे
पिता कुंवर सिंह ने बताया- 9 को एंटी रैबीज का इंजेक्शन लगवाने के बाद हम दोबारा सीएचसी पिनाहट गए। फिर 12 और 16 जनवरी को टीका लगवाया। तीसरा वैक्सीनेशन लगवाने के बाद बेटे को बुखार आ गया और उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। वह अजीब सी हरकतें करने लगा।
फिर 17 जनवरी को हम उसे आगरा के एसएन मेडिकल कालेज में ले गए। दो दिन के इलाज के बाद भी कुछ फायदा नहीं। इसके बाद हम उसे घर ले आए। लेकिन बच्चे की तबीयत बिगड़ने लगी तो हम उसे 26 जनवरी को दोबारा आगरा ले गए। लेकिन इस बार डॉक्टरों ने जवाब दे दिया।
हम लोग इसके बाद 27 जनवरी को बच्चे को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले गए। वहां भी डॉक्टरों ने मना कर दिया।
पिता कुंवर सिंह ने बताया- मैंने सुना किसी डॉक्टर ने कहा- इसे जहर का इंजेक्शन दे दो क्योंकि जहर ही जहर को काटेगा। फिर मैंने रात में ही बच्चे की छुट्टी कराकर घर ले आया। उसे आराम नहीं मिल रहा था।
1 फरवरी को छोटू की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। मेरे बेटे की डॉक्टरों ने शुरूआत से ही इलाज में लापरवाही की थी। रविवार को गमगीन माहौल में मासूम का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
सीएचसी प्रभारी डॉ. प्रमोद कुशवाहा ने बताया-
बच्चे को एंटी रैबीज लगाई गई थी। मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।


अतैयापुरा गांव में 7 जनवरी का कुत्ते ने एक भैंस को काट लिया था। ममता ने बताया- दो दिन बाद मेरे भैंस की भी मौत हो गई थी। एक पागल कुत्ते ने पूरे गांव में दहशत फैला रखी है। रात के समय गांव के कई घरों की छतों पर टहलता है।
पहले भी हुई है काटने से मौत
आगरा के बाह तहसील के रुदमुली गांव के अरविंद भदौरिया के 8 साल के बेटे नैतिक को 2022 में कुत्ते ने काट लिया था। नौतिक बाह में अच्छेलाल पब्लिक स्कूल की चौथी क्लास में पढ़ता था।
पड़ोसियों के मुताबिक, करीब डेढ़ महीने पहले स्कूल जाते हुए उसको कुत्ते ने काट लिया था। चोट ज्यादा नहीं आई थी। इसलिए बच्चे ने घर में कुत्ते काटने के बारे में किसी को कुछ नहीं बताया। अचानक उसकी तबियत बिगड़ी थी। वो कुत्ते की तरह हरकत करने लगा था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।



