उत्तर प्रदेश

यूपी की पिंकी की अजित पवार के प्लेन-क्रैश में मौत:केबिन क्रू थीं, पिता बोले- बेटी ने कहा था अजित दादा से बात कराऊंगी

महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार के साथ प्लेन क्रैश में यूपी की पिंकी माली की भी मौत हो गई। वह प्लेन में केबिन क्रू थीं। पिंकी माली मूल रूप से जौनपुर की रहने वाली थीं। पिता शिव कुमार माली मुंबई में टैक्सी चलाने के साथ ही शिवसेना नेता हैं।

जौनपुर में पिंकी का घर जिला मुख्यालय से 40 किमी दूर केराकत तहसील के भैंसा गांव में है। गांव में रहने वाले अशोक सिंह ने बताया- पिंकी के पिता का गांव से गहरा जुड़ाव था। वह हर साल गांव में दुर्गा पूजा करवाते हैं। दो महीने पहले भी गांव आए थे। पिंकी का एक भाई करन और एक बहन प्रीति हैं। 29 साल की पिंकी मुंबई में ही वरली के सेंचुरी क्वार्टर में रहती थीं।

पिंकी माली की शादी यूपी के बस्ती जिले में हुई थी। हालांकि, पूरा परिवार मुंबई में सेटल है।

पिता बोले- बेटी खुश थी, कहा था- अजीत दादा से बात कराऊंगी पिंकी के पिता शिव कुमार माली ने कहा- मैंने उससे कल आखिरी बार बात की थी। उसने बताया था कि वह अजित दादा के साथ बरामती जाएंगी। वहां से नांदेड़ जाएंगी। उसने कहा था कि वह अजित पवार की मुझसे बात कराएगी। वह बहुत खुश थी। भाई करन ने बताया कि सुबह कॉल पर पिंकी ने कहा था कि वह बारामती से नांदेड़ जा रही हैं। उसके बाद उसका कोई मैसेज नहीं आया।

मां फूट-फूटकर रोईं, कहा- मन घबरा रहा था बेटी की मौत की खबर सुनकर मुंबई में रह रहीं पिंकी की मां माया माली बिलख पड़ीं। उन्होंने कहा- मेरा मन बहुत घबरा रहा था। मैं सोच रही थी कि क्या कुछ हुआ है, लेकिन लोग मुझे कुछ नहीं बता रहे थे। अंदर से मुझे लग रहा था कि कुछ ठीक नहीं है। वह रोज सुबह मुझे फोन करती थी। कहती थी- “मम्मी, नाश्ता कर लो, दवा खा लो।” लेकिन आज उसका कोई मैसेज या कॉल नहीं आई।

बेटी बड़े नेताओं और अधिकारियों के साथ फ्लाइट अटेंडेंट के रूप में काम करती थी। अजीत पवार, देवेंद्र फडणवीस, नारायण राने और उनके बेटे के साथ वह यात्रा कर चुकी है। अब तक नहीं पता चला कि हादसा तकनीकी गड़बड़ी के कारण हुआ या कुछ और। मैं चाहती हूं कि इसकी पूरी जांच हो। मेरी बेटी अब हमारे पास नहीं है, वह लौटकर नहीं आएगी।

29 साल की पिंकी मुंबई में ही वरली के सेंचुरी क्वार्टर में रहती थीं।

बस्ती में हुई थी पिंकी की शादी भैंसा गांव में रहने वाले शीतला प्रसाद माली पिंकी के चचेरे भाई हैं। वह बताते हैं- पिंकी के पिता शिव कुमार माली 4 भाई हैं। शिव कुमार के पिता, बाबू राम का पिछले साल निधन हो गया था।

वह परिवार के साथ 30-35 साल से मुंबई में रहते हैं। परिवार दो महीने पहले मुंबई से आया था। पिंकी की शादी यूपी के बस्ती जिले में हुई थी। उसके ससुराल वाले भी मुंबई में रहते हैं।महाराष्ट्र के डिप्टी CM अजित पवार के साथ पिंकी माली। (फाइल फोटो)

जानिए कैसे हुआ हादसा बुधवार सुबह 8.45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान अजित पवार का चार्टर्ड प्लेन क्रैश हो गया। हादसे में अजित पवार, उनके सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और क्रू मेंबर पिंकी माली समेत 5 लोगों की जान गई। पवार महाराष्ट्र पंचायत चुनाव के लिए जनसभा को संबोधित करने बारामती जा रहे थे।

महाराष्ट्र एविएशन डिपार्टमेंट के मुताबिक, विमान बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के लिए अप्रोच कर रहा था। पहली बार में पायलट को रनवे साफ दिखाई नहीं दिया तो वह विमान को दोबारा ऊंचाई पर ले गया। पहली कोशिश नाकाम रहने के बाद बारामती के रनवे-11 पर दोबारा लैंडिंग की कोशिश की गई। इसी दौरान विमान रनवे से फिसलकर क्रैश हो गया। इसके तुरंत बाद उसमें आग लग गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button