अपर्णा यादव को तलाक नहीं देंगे अखिलेश के सौतेले भाई:इंस्टाग्राम पर लिखा- सब अच्छा है; 10 दिन पहले स्वार्थी महिला कहा था

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव और अपर्णा यादव के बीच सुलह हो गई है। अब प्रतीक पत्नी अपर्णा यादव को तलाक नहीं देंगे।
प्रतीक यादव ने बुधवार दोपहर खुद एक पोस्ट की। इंस्टाग्राम पर प्रतीक ने अपर्णा के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा- ‘All is Good यानी सब अच्छा है। चैंपियन वो होते हैं जो अपनी पर्सनल और प्रोफेशनल समस्याओं को खत्म कर देते हैं। हम चैंपियंस का परिवार हैं।’
10 दिन पहले प्रतीक ने अपर्णा यादव को स्वार्थी महिला और बुरी आत्मा कहा था। इंस्टाग्राम पर 8 घंटे में तलाक को लेकर 2 पोस्ट किए थे। फिलहाल, प्रतीक ने अब तलाक को लेकर अपनी दोनों पुरानी पोस्ट दो इंस्टाग्राम से हटा दी है।

अपर्णा इस वक्त भाजपा में हैं, और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं। प्रतीक (38) ने अपर्णा (36) से 14 साल पहले लव मैरिज की थी। प्रतीक मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे हैं। यानी अखिलेश यादव के सौतेले भाई। अपर्णा ने 2022 विधानसभा चुनाव से पहले अचानक सपा छोड़कर भाजपा जॉइन की थी।
प्रतीक ने इंस्टाग्राम पर VIDEO शेयर किया
बोले- विवाद सुलझने से जिनकी जली वे भाड़ में जाएं
प्रतीक ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया है। जिसमें उन्होंने लिखा- 19 जनवरी को मुझमें और पत्नी अपर्णा के बीच भयंकर और खतरनाक विवाद हुआ था। तब मैंने दो पोस्ट किए थे। अब हम दोनों ने मिलकर उस विवाद को सुलझा लिखा है। जो इस विवाद के सुलझने और साथ आने से परेशान हैं, वे भाड़ में जाएं।