SMS स्टेडियम में IPL की तैयारियां शुरू:कुमावत ने MOU पर विवाद से किया इनकार, बोले- जयपुर में जरूर होंगे मैच

जयपुर में इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के संभावित मुकाबलों को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। राजस्थान क्रिकेट एसोसिएशन (RCA) ने सवाई मानसिंह स्टेडियम की बदहाल स्थिति दुरुस्त करने के लिए मशीनरी और कर्मचारियों को मैदान में उतार दिया है।
RCA एडहॉक कमेटी के कन्वीनर दीनदयाल कुमावत ने बताया- सवाई मानसिंह स्टेडियम में हाल ही खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स, भारतीय सेना दिवस और गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित हुए। इन आयोजनों के चलते स्टेडियम और ग्राउंड की स्थिति प्रभावित हुई है। इसे देखते हुए RCA टीम ने मैदान को दोबारा खेल के अनुकूल बनाने की प्रक्रिया अब शुरू कर दी है। ताकि भविष्य में प्रस्तावित IPL मुकाबलों के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों को किसी तरह की परेशानी न हो।
कुमावत ने कहा- खेल परिषद तथा एडहॉक कमेटी का गठन सरकार ने किया है। ऐसे में स्टेडियम को लेकर किसी भी तरह का विवाद नहीं है। उन्होंने भरोसा जताया कि IPL के मुकाबले जयपुर में आयोजित होंगे।
पहले देखें PHOTOS… ऐसे चल रही मैदान को सुधारने की कवायद


MOU को लेकर कोई विवाद नहीं स्टेडियम के MOU को लेकर उठ रहे सवालों पर कन्वीनर दीनदयाल कुमावत ने कहा- राजस्थान सरकार ने खेल परिषद तथा एडहॉक कमेटी का गठन कर दिया है। ऐसे में स्टेडियम को लेकर किसी भी तरह का विवाद नहीं है। उन्होंने कहा- खेल परिषद के सचिव भी पहले ही कह चुके हैं कि IPL मुकाबलों के आयोजन को लेकर कोई विवाद नहीं है। SMS स्टेडियम के लिए जरूरत पड़ी तो MOU या रेंट एग्रीमेंट किया जाएगा। इसमें किसी तरह की समस्या नहीं आएगी।
कुमावत ने कहा- जयपुर में IPL मुकाबलों के आयोजन को लेकर न सिर्फ RCA बल्कि राज्य सरकार भी पूरी तरह गंभीर है। BCCI और राजस्थान रॉयल्स के साथ लगातार बातचीत चल रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि IPL के मुकाबले जयपुर में ही आयोजित होंगे।



